गोयल नगर में आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव का भव्य मंगल प्रवेश, आगामी पंचकल्याणक महोत्सव के पात्र चयन की प्रक्रिया संपन्न
गोयल नगर में आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव का भव्य मंगल प्रवेश, आगामी पंचकल्याणक महोत्सव के पात्र चयन की प्रक्रिया संपन्न

गोयल नगर में आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव का भव्य मंगल प्रवेश, आगामी पंचकल्याणक महोत्सव के पात्र चयन की प्रक्रिया संपन्न
इंदौर। (संवाददाता मुकेश कुमार जैन)
धर्मनगरी इंदौर के गोयल नगर में 13 नवंबर को परम पूज्य आचार्य भगवंत श्री 108 सुनीलसागरजी गुरुदेव का भव्य एवं मंगलमय प्रवेश हुआ। गुरुदेव के आगमन से संपूर्ण क्षेत्र धर्ममय एवं भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति, उत्साह और उल्लास के साथ गुरुदेव की अगवानी कर श्रीचरणों में श्रद्धा समर्पित की। उनके मंगल प्रवेश से क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और धर्म प्रभावना का विशेष संचार हुआ।
उल्लेखनीय है कि आगामी 9 दिसंबर से 14 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने जा रहे भव्य पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी क्रम में महोत्सव के महत्वपूर्ण आयोजन पात्र चयन की प्रक्रिया संपन्न हुई। इस प्रक्रिया में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए धर्म के प्रति अपनी आस्था और समर्पण का परिचय दिया।
इस अवसर पर आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव ने अपने मंगल प्रवचनों में दान के महत्व, परोपकार की भावना और भक्त से भगवान बनने की आध्यात्मिक यात्रा पर प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए। गुरुदेव ने बताया कि मानव जीवन केवल अपने लिए जीने का नाम नहीं है, बल्कि दूसरों के जीवन में सुख, शांति और सहयोग का प्रकाश फैलाना ही जीवन की सार्थकता है। दान और परोपकार मनुष्य के जीवन को श्रेष्ठ बनाते हैं। सेवा, त्याग, करुणा और धर्म के मार्ग पर चलकर ही व्यक्ति आत्मकल्याण की दिशा में आगे बढ़ सकता है।
गुरुदेव ने भक्त से भगवान बनने की आध्यात्मिक यात्रा का उल्लेख करते हुए धर्म, संयम और सदाचार को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि श्रद्धा के साथ साधना और सत्कर्मों का मार्ग अपनाकर मनुष्य अपने जीवन को आध्यात्मिक ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।
वर्तमान में आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव ससंघ गोयल नगर, इंदौर में विराजमान हैं। गुरुदेव के पावन सान्निध्य में आगामी पंचकल्याणक महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है। संपूर्ण क्षेत्र में धार्मिक आयोजनों और भक्ति की अनुपम छटा देखने को मिल रही है।




