पचपेड़ी शराब भट्ठी में नहीं मिल रही ठंडी बीयर आसपास खुलेआम चल रहीं चखना दुकानें आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल
मस्तूरी क्षेत्र में आबकारी विभाग बेपरवाह भट्ठी में फ्रीजर तक नहीं बाहर बैठाकर पिलाई जा रही शराब
जिला बिलासपुर।मस्तूरी क्षेत्र के पचपेड़ी की शराब दुकानों में अव्यवस्थाओं और नियमों के उल्लंघन को लेकर आबकारी विभाग एक बार फिर सवालों के घेरे में है। पचपेड़ी की विदेशी शराब दुकान में खुलने के दिन से ही ठंडी बीयर उपलब्ध नहीं होने से ग्राहकों में भारी नाराजगी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार दुकान में आज तक फ्रीजर की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। भीषण गर्मी में भी ग्राहकों को मजबूरी में गर्म बीयर खरीदनी पड़ रही है। लोगों का सवाल है कि जब दुकान के लिए लाइसेंस और सुविधाओं के मानक तय हैं तो आबकारी विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण क्यों नहीं किया जा रहा
भट्ठी के बाहर खुलेआम नियमों की अनदेखी
मामला सिर्फ ठंडी बीयर तक सीमित नहीं है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पचपेड़ी शराब भट्ठी के 50 से 100 मीटर के दायरे में ही खुलेआम चखना दुकानें संचालित हो रही हैं। इन दुकानों पर पानी पाउच डिस्पोजल गिलास और चखना बेचने की आड़ में कथित तौर पर लोगों को बैठाकर शराब पिलाई जा रही है, जो कि आबकारी नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि यही हाल मल्हार स्थित शराब दुकान का भी है। वहां भी भट्ठी के आसपास अवैध रूप से चखना सेंटर चल रहे हैं।
अधिकारी नहीं उठा रहे फोन
इस पूरे मामले में जिम्मेदार आबकारी अधिकारी से पक्ष जानने का प्रयास किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो सका। विभाग के अधिकारियों की इस उदासीनता से स्थानीय लोगों में और अधिक आक्रोश है।
उच्च स्तरीय जांच की मांग
पचपेड़ी और मल्हार क्षेत्र के ग्रामीणों ने जिला आबकारी अधिकारी और कलेक्टर बिलासपुर से मांग की है कि 1. पचपेड़ी शराब दुकान का मौके पर निरीक्षण कर तत्काल फ्रीजर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। 2. दोनों शराब दुकानों के आसपास संचालित अवैध चखना दुकानों की जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए।
अब देखना होगा कि शिकायतों के बाद आबकारी विभाग के उच्च अधिकारी इस पर क्या कार्रवाई करते हैं।





