उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़देशधर्मधार्मिकलोकल न्यूज़

साधना के महाशिखर थे आचार्य श्री विमल सागर जी महाराज : आचार्य श्री नयनसागर

साधना के महाशिखर थे आचार्य श्री विमल सागर जी महाराज : आचार्य श्री नयनसागर

साधना के महाशिखर थे आचार्य श्री विमल सागर जी महाराज : आचार्य श्री नयनसागर जी

111वीं जन्म जयंती पर गुणानुवाद सभा, विधान, गुरु भक्ति और आराधना के साथ किया स्मरण; ज्ञान, तप और मंत्र साधना से जन-जन के जीवन को किया धर्ममय

एटा। (संवाददाता मुकेश कुमार जैन)। पुरानी बस्ती स्थित श्री दिगंबर जैन बड़े मंदिर जी में वात्सल्य रत्नाकर, सन्मार्ग दिवाकर आचार्य श्री विमल सागर जी महाराज की 111वीं जन्म जयंती महोत्सव विमल सागर सेवा समिति के तत्वावधान में हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर श्री विमल सागर विधान, मंत्रोच्चार के साथ अर्घ्य समर्पण, चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन, पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट और गुरु भक्ति सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन संपन्न हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं ने उपस्थित होकर आचार्य श्री के गुणों का स्मरण किया और उनके चरणों में विनयांजलि अर्पित की।

ज्ञान, तप और साधना के अद्भुत संगम थे आचार्य श्री

परम पूज्य जागृतिकारी संत आचार्य श्री नयनसागर जी महाराज ने अपने मंगल उद्बोधन में आचार्य श्री विमल सागर जी महाराज के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आचार्य श्री साधना के महाशिखर थे। वे ज्ञान, तप, भक्ति और आध्यात्मिक साधना के अद्भुत संगम थे। उनका संपूर्ण जीवन आत्मकल्याण के साथ जन-जन को धर्म के मार्ग पर प्रेरित करने के लिए समर्पित रहा।

आचार्य श्री नयनसागर जी महाराज ने बताया कि आचार्य श्री विमल सागर जी महाराज प्रतिदिन रात्रि में पांच से छह घंटे तक निरंतर मंत्र साधना करते थे। उनकी साधना, तपस्या और आध्यात्मिक शक्ति असाधारण थी। उनके जीवन में प्रभु भक्ति और तीर्थों के प्रति अगाध श्रद्धा थी। उन्होंने व्यापक तीर्थ यात्राओं के माध्यम से जैन धर्म की प्रभावना की और समाज में धर्म, आस्था तथा संस्कारों को सुदृढ़ किया।

उन्होंने कहा कि आचार्य श्री की एक प्रमुख उपाधि ‘सन्मार्ग दिवाकर’ थी। इसका अर्थ है सत्य एवं कल्याणकारी मार्ग को प्रकाशित करने वाला सूर्य। जिस प्रकार सूर्य अंधकार को मिटाकर संपूर्ण जगत को प्रकाश प्रदान करता है, उसी प्रकार आचार्य श्री विमल सागर जी महाराज ने अपने ज्ञान, उपदेश और कठोर तपस्या के माध्यम से अज्ञानता के अंधकार को दूर कर लोगों को सन्मार्ग दिखाया।

आचार्य श्री नयनसागर जी ने कहा कि आचार्य श्री विमल सागर जी महाराज जैन समाज की आस्था के महान केंद्र थे। उन्होंने अपनी साधना, आध्यात्मिक प्रभाव और धर्मोपदेशों से अनेक जैन एवं जैनेतर श्रद्धालुओं को धर्म के प्रति प्रेरित किया। ऐसे महान तपस्वी का नाम युगों-युगों तक श्रद्धा और सम्मान के साथ स्मरण किया जाता रहेगा। समस्त जैन समाज उनके उपकारों का ऋणी है।

कोसमा गांव में हुआ था जन्म

जैन महिला संगठन की अध्यक्ष बबिता जैन प्रेरणा ने आचार्य श्री विमल सागर जी महाराज के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बीसवीं सदी के महान संत आचार्य श्री का जन्म जनपद एटा के जलेसर क्षेत्र के ग्राम कोसमा में माता कटोरी देवी एवं पिता बिहारी लाल जी के यहां हुआ था। बचपन में उनका नाम नेमिचंद्र था। बाल्यकाल से ही उनके जीवन में करुणा, धर्म और भक्ति के संस्कार दिखाई देने लगे थे।

उन्होंने बताया कि वैराग्य धारण करने के बाद आचार्य श्री ने दिगंबर श्रमण परंपरा को अपनाया और अत्यंत कठिन संयममय जीवन व्यतीत किया। दिगंबर मुनि की चर्या तलवार की धार पर चलने के समान कठिन होती है। आचार्य श्री ने 36 मूल गुणों का निष्ठापूर्वक पालन करते हुए आत्मकल्याण और परकल्याण के उद्देश्य से जैन धर्म के मूल सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार किया। उनका संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, संयम और धर्म प्रभावना का प्रेरणादायी उदाहरण रहा। 29 दिसंबर 1994 को शाश्वत सिद्धक्षेत्र सम्मेद शिखर जी में उनकी समाधि हुई।

विधान, शास्त्र भेंट और गुरु भक्ति से भक्तिमय हुआ मंदिर परिसर

जन्म जयंती महोत्सव के अंतर्गत आयोजित श्री विमल सागर विधान में इंद्र-इंद्राणियों ने विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ मांडने पर अर्घ्य समर्पित किए। कार्यक्रम में चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन एवं पाद प्रक्षालन विमल सागर सेवा समिति के पदाधिकारियों द्वारा संपन्न किया गया। वहीं गुरु विमल महिला परिवार की पदाधिकारियों ने आचार्य श्री को शास्त्र भेंट कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

सायंकाल संगीतकार सुशील जैन एंड पार्टी के सुमधुर भक्ति गीतों के बीच गुरु भक्ति एवं आरती का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर भक्ति की और आचार्य श्री के चरणों में विनयांजलि समर्पित की। इसके पश्चात विमल आराधना के अंतर्गत 111 लकी ड्रॉ कूपन के पुरस्कार विमल सागर सेवा समिति द्वारा प्रदान किए गए।

समस्त कार्यक्रम श्री दिगंबर जैन पद्मावती पुरवाल पंचायत के संरक्षण में आयोजित किए गए। महोत्सव ने श्रद्धालुओं को आचार्य श्री के त्याग, तप, साधना और धर्मनिष्ठ जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

समाजजनों की रही सहभागिता

इस अवसर पर श्री शैलेन्द्र जैन, सुबोध जैन अल्ला, सुनील जैन बांदा, पंकज जैन, रविन्द्र टीटू, संजू ड्रेसेज, अरुण अन्नू, दिलीप जैन, विक्की जैन, विवेक जैन, टिंकू जैन, प्रशांत जैन, मोना जैन, दीपू जैन, रेलू जैन, नीरज कूकी, श्रीमती दीपमाला जैन, बबिता जैन, बेबी जैन, शिल्पी जैन, नेहा जैन, प्रियंका जैन, दीप्ति जैन, मीता जैन, शताक्षी जैन, वसुधा जैन, मंजू जैन, प्रीति जैन, रानी जैन, चांदनी जैन, अचला जैन, सीमा जैन एवं नंदिनी जैन सहित बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे।

आचार्य श्री विमल सागर जी महाराज की 111वीं जन्म जयंती पर आयोजित यह महोत्सव गुरु भक्ति, धर्म आराधना और आध्यात्मिक प्रेरणा का विशेष अवसर बना। श्रद्धालुओं ने उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा जैन धर्म की प्रभावना में योगदान देने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ख़बरें पढ़ें
error: Content is protected !!