टॉप न्यूज़देशधर्मधार्मिकराजस्थान

पाप से पश्चाताप ही आत्मकल्याण का मार्ग : मुनि श्री सुप्रभसागर महाराज

पाप से पश्चाताप ही आत्मकल्याण का मार्ग : मुनि श्री सुप्रभसागर महाराज

पाप से पश्चाताप ही आत्मकल्याण का मार्ग : मुनि श्री सुप्रभसागर महाराज

देवली। (संवाददाता मुकेश कुमार जैन)

मनुष्य को अपने पापों का पश्चाताप करके ही आत्मशांति और सच्चे सुख की प्राप्ति हो सकती है। भगवान के समक्ष अपनी भूल स्वीकार कर उनसे क्षमा याचना करने वाला व्यक्ति ही अपनी आत्मा को निर्मल बनाने की दिशा में आगे बढ़ता है। यह विचार मुनि श्री सुप्रभसागर महाराज ने महावीर दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

मुनि श्री ने कहा कि जब मनुष्य को अपनी गलतियों का एहसास होता है और वह सच्चे मन से पश्चाताप करता है, तभी उसके भीतर परिवर्तन की भावना जागृत होती है। संसार में व्यक्ति अपने शारीरिक रोगों के उपचार के लिए वैद्य के पास जाता है, उसी प्रकार आत्मा के विकारों को दूर करने के लिए भगवान की शरण में जाना आवश्यक है। भगवान की भक्ति और सच्चा पश्चाताप मनुष्य के जीवन को नई दिशा प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में व्यक्ति पाप करने से उतना नहीं डरता, जितना डरना चाहिए। यही कारण है कि अनेक बार बड़े-बड़े अपराध करने के बाद भी उसके मन में पश्चाताप की भावना उत्पन्न नहीं होती। जब व्यक्ति बार-बार पाप करता है और उसे अपनी गलती का एहसास नहीं होता, तब उसका मन पाप की ओर प्रवृत्त होता चला जाता है। लेकिन जब अंतरात्मा में पश्चाताप जागता है, तब व्यक्ति भगवान के समक्ष अपनी पीड़ा व्यक्त कर उनसे अपने दोषों को दूर करने की प्रार्थना करता है।

मुनि श्री ने कहा कि पंच परमेष्ठी की आराधना और सच्ची धर्मभावना जीवन के विघ्नों को दूर करने का माध्यम बनती है। धर्म का वास्तविक उद्देश्य केवल पूजा-पाठ करना नहीं, बल्कि अपने आचरण को शुद्ध बनाना, गलतियों को स्वीकार करना और भविष्य में उन्हें दोबारा न दोहराने का संकल्प लेना है।

सम्यग्दर्शन से जीवन में आती है सच्ची भक्ति

सभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री वैराग्यसागर महाराज ने कहा कि सम्यग्दृष्टि व्यक्ति पापभीरु होता है। सम्यग्दर्शन प्राप्त होने पर देवों द्वारा भी उसकी प्रशंसा और सम्मान किया जाता है। सम्यग्दृष्टि जीव निरंतर भगवान की भक्ति में लगा रहता है तथा कोई भी कार्य करने से पहले उसके परिणामों पर विचार करता है। वह ऐसे कार्य करने से बचता है, जिनसे किसी भी जीव को हिंसा या कष्ट पहुंचे।

उन्होंने कहा कि सम्यग्दृष्टि व्यक्ति भगवान से सांसारिक सुख-सुविधाओं की कामना करने के बजाय यही भावना रखता है कि उसे भव-भव में भगवान की शरण प्राप्त होती रहे। सच्ची भक्ति वही है, जिसमें स्वार्थ का स्थान नहीं होता, बल्कि आत्मकल्याण, संयम और मुक्ति मार्ग पर आगे बढ़ने की भावना सर्वोपरि होती है।

धर्मसभा में मुनिराजों के मंगल प्रवचनों से श्रद्धालुओं को आत्मचिंतन, पापों से बचने, पश्चाताप करने और धर्ममय जीवन जीने की प्रेरणा मिली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ख़बरें पढ़ें
error: Content is protected !!