सक्ती में राज्योत्सव की तैयारियां पूरी, कलेक्टर-एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
2 नवंबर को शाम 5 बजे होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव का शुभारंभ, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ लगेगा आकर्षक मेला

सक्ती, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 2 नवंबर 2026 को कलेक्ट्रेट कार्यालय के समीप स्थित जेठा ग्राउंड में जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन और पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर आयोजन स्थल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने और व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

विभागीय स्टॉलों में दिखेगी शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की झलक
कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन ने राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले स्टॉलों का सुव्यवस्थित निर्माण एवं आकर्षक सजावट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय स्टॉलों के माध्यम से आम नागरिकों को शासकीय योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, विभागीय उपलब्धियों एवं विकास कार्यों की जानकारी सरल और आकर्षक तरीके से उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग शासन की योजनाओं से परिचित हो सकें।
इसके साथ ही उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शाम 5 बजे होगा राज्योत्सव का शुभारंभ, सांस्कृतिक कार्यक्रम बनेंगे आकर्षण
उल्लेखनीय है कि जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्री देवेंद्र प्रताप सिंह होंगे। 2 नवंबर को शाम 5 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक प्रदर्शनी लगाई जाएगी तथा स्थानीय लोक कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।
बच्चों के लिए लगेगा आकर्षक मेला
राज्योत्सव समारोह में बच्चों के मनोरंजन के लिए विशेष मेले का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें खिलौने, झूले सहित विभिन्न आकर्षक सामग्रियां उपलब्ध रहेंगी। जिला प्रशासन द्वारा राज्योत्सव को भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।




