
जीवन में धर्म को अपनाएं और आचरण में उतारें, तभी दूसरों पर पड़ेगा उसका प्रभाव
देवली से मुकेश कुमार जैन।
देवली। भवतरणी उपदेश देते हुए मुनिश्री सुप्रभसागर महाराज ने कहा कि संसारी प्राणी अनंत काल से संसार रूपी समुद्र में भटक रहा है। इस संसार सागर से पार उतारने वाले भगवान ही हैं। जिस प्रकार नाव या जहाज के माध्यम से समुद्र पार करने के लिए नाविक की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार संसार सागर से पार होने के लिए भगवान की शरण आवश्यक है।
मुनिश्री ने कहा कि संसार में राग-द्वेष सहित दुखों के कारण जीव भटकता रहता है। इन दुखों से मुक्ति पाने के लिए मनुष्य कभी इधर तो कभी उधर सहारा तलाशता है। जैसे समुद्र में भटक रहे व्यक्ति को पार लगाने के लिए नाव की आवश्यकता होती है, वैसे ही जीवन को सही दिशा देने के लिए भगवान की भक्ति और धर्म का सहारा जरूरी है।
महाराजश्री ने समझाया कि देवताओं के पास जाकर प्रार्थना और अनुग्रह करने से सांसारिक इच्छाओं की पूर्ति हो सकती है, लेकिन जीव के पाप-पुण्य के परिणामों को कोई दूसरा समाप्त नहीं कर सकता। जब व्यक्ति सच्चे भाव से भगवान की शरण में पहुंचता है, तो उसे इधर-उधर भटकने की आवश्यकता नहीं रहती। भगवान के प्रति सच्ची श्रद्धा रखने वाला व्यक्ति जीवन में सही मार्ग प्राप्त कर सकता है।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनिश्री वैराग्यसागर महाराज ने कहा कि यदि हमारा मन पवित्र है और हमारे त्याग में सच्चाई है, तो हमारी वाणी और आचरण का दूसरों पर भी प्रभाव पड़ता है। आज की पीढ़ी सीखने से अधिक देखकर प्रभावित होती है। जैसे बड़े लोग आचरण करते हैं, बच्चे भी उनका अनुसरण करते हैं। इसलिए धर्म का प्रभाव स्थापित करने के लिए सबसे पहले धर्म को स्वयं स्वीकार करना और उसे अपने आचरण में उतारना आवश्यक है। जब हम स्वयं धर्ममय जीवन जीने लगेंगे, तो दूसरों को उपदेश देने की आवश्यकता भी कम हो जाएगी।
मुनिश्री ने अंत में प्रेरणा देते हुए कहा कि जब तक मनुष्य अपने भीतर छिपे पाप रूपी रावण का दहन नहीं करेगा, तब तक बाहर रावण के पुतले जलाने से वास्तविक परिवर्तन नहीं आएगा। बाहरी बुराइयों को समाप्त करने से पहले अपने भीतर की बुराइयों, विकारों और पाप प्रवृत्तियों को समाप्त करना जरूरी है। आत्मशुद्धि और सदाचरण ही सच्चे धर्म की पहचान हैं।




