चौदस पर बाहरी सुंदरता नहीं, आत्मस्वरूप निखारने का करें प्रयास; गरीबों के चेहरों पर मुस्कान लाकर मनाएं दीपावली : आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव
चौदस पर बाहरी सुंदरता नहीं, आत्मस्वरूप निखारने का करें प्रयास; गरीबों के चेहरों पर मुस्कान लाकर मनाएं दीपावली : आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव

रूप चौदस पर बाहरी सुंदरता नहीं, आत्मस्वरूप निखारने का करें प्रयास; गरीबों के चेहरों पर मुस्कान लाकर मनाएं दीपावली : आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव
नेमी नगर जैन कॉलोनी, इंदौर। (संवाददाता मुकेश कुमार जैन)।
रूप चौदस के पावन अवसर पर परम पूज्य आचार्य श्री 108 सुनीलसागरजी गुरुदेव ने अपने मंगल प्रवचन में पर्व के वास्तविक आध्यात्मिक महत्व को समझाते हुए कहा कि रूप को निहारोगे तो बिखर जाओगे, लेकिन स्वरूप को निहारोगे तो निखर जाओगे। रूप बाहरी सुंदरता का प्रतीक है, जो समय के साथ समाप्त हो जाती है, जबकि आत्मस्वरूप शाश्वत है। इसलिए रूप चौदस केवल बाहरी शृंगार और सौंदर्य का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर झांककर आत्मा को विकारों से मुक्त करने और निज स्वरूप को पहचानने का अवसर है।
गुरुदेव ने भगवान महावीर स्वामी के जीवन प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान महावीर ने घातिया कर्मों का क्षय कर अपने शुद्ध आत्मस्वरूप को प्रकट करने का पुरुषार्थ किया। आज हम रूप चौदस को केवल शृंगार और आभूषणों तक सीमित कर देते हैं। धनतेरस पर खरीदे गए सोने-चांदी के आभूषण पहनना ही इस पर्व का उद्देश्य नहीं है, बल्कि अपने भीतर विराजमान चेतन स्वरूप को पहचानना और उसे निखारना ही वास्तविक रूप चौदस है। उन्होंने प्रेरणा देते हुए कहा कि “चेतन! निज रूप निहारो, अपने चेतन स्वरूप को निखारो।”
दीपावली के अवसर पर गुरुदेव ने सामाजिक संवेदना और जरूरतमंदों की सहायता का संदेश देते हुए मिट्टी के दीपक बनाने वाले कुम्हारों की आजीविका की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक रोशनी के साधनों के बढ़ते उपयोग से पारंपरिक मिट्टी के दीपक बनाने वाले कुम्हारों के घरों का उजाला प्रभावित हो रहा है। इसलिए इस दीपावली पर अपने घर को रोशन करने के साथ सड़क किनारे दीपक बेचने बैठे गरीब कुम्हारों से भी मिट्टी के दीपक अवश्य खरीदें। किसी जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाकर देखिए, दीपावली मनाने का आनंद कई गुना बढ़ जाएगा।
पटाखों के स्थान पर अपने भीतर के विकारों को समाप्त करने की प्रेरणा देते हुए गुरुदेव ने कहा कि पटाखे जलाने से केवल ध्वनि और धुआं पैदा होता है, लेकिन यदि मनुष्य अपने भीतर छिपे क्रोध, मान, माया और लोभ जैसे विकारों को जला दे, तो उसका जीवन वास्तव में प्रकाशित हो सकता है। हमें बाहरी आतिशबाजी के बजाय आत्मा के भीतर ज्ञान और संयम का प्रकाश प्रज्वलित करना चाहिए। यही महावीरत्व की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग है।
अपने अनूठे और प्रेरक अंदाज में गुरुदेव ने कहा कि “Diwali की Light करें सबको Delight, पकड़ो मस्ती की Flight और Enjoy करो धर्म-ध्यान Day and Night.” उन्होंने सभी को संदेश दिया कि दीपावली का पर्व केवल घरों को दीपों से सजाने का नहीं, बल्कि हृदय में करुणा, प्रेम, परोपकार, आत्मचिंतन और धर्मध्यान का प्रकाश जगाने का अवसर है।
आचार्य श्री ने सभी को प्रेरित किया कि इस दीपावली पर बाहरी रूप के साथ अपने आत्मस्वरूप को भी निखारें, जरूरतमंदों की सहायता करें और अपने जीवन से विकारों का अंधकार मिटाकर सद्गुणों का प्रकाश फैलाएं।




