E-Paperटॉप न्यूज़देशधर्मधार्मिकमध्य प्रदेश
Trending

संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए मन, समर्पण और पुरुषार्थ से जुटें : आचार्य श्री सुनीलसागरजी महाराज

संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए मन, समर्पण और पुरुषार्थ से जुटें : आचार्य श्री सुनीलसागरजी महाराज

संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए मन, समर्पण और पुरुषार्थ से जुटें : आचार्य श्री सुनीलसागरजी महाराज

धर्म का प्रभाव जीवन में दिखाई देना चाहिए, तभी पंचकल्याणक महोत्सव की सार्थकता होगी

इंदौर। (संवाददाता मुकेश कुमार जैन)।

नेमी नगर जैन कॉलोनी, इंदौर में परम पूज्य आचार्य श्री 108 सुनीलसागरजी महाराज ने आगामी पंचकल्याणक महोत्सव के संदर्भ में प्रेरणादायी संदेश देते हुए कहा कि जीवन में संकल्प लेना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण उस संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए पूर्ण मनोयोग, समर्पण और पुरुषार्थ के साथ जुट जाना है। केवल विचारों और योजनाओं से सफलता प्राप्त नहीं होती, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर प्रयास ही संकल्प को साकार करते हैं।

गुरुदेव ने प्रेरक पंक्तियों के माध्यम से कहा कि “सोचा है तो पूरा होगा, बस शुरुआत आज से ही करनी होगी। तुझे दुनिया से बाद में, पहले खुद से ही लड़ना होगा।” उन्होंने कहा कि व्यक्ति को अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सबसे पहले स्वयं की कमजोरियों, आलस्य और नकारात्मक विचारों से संघर्ष करना चाहिए। जब व्यक्ति स्वयं पर विजय प्राप्त कर लेता है, तब उसके लिए कठिन से कठिन लक्ष्य भी प्राप्त करना संभव हो जाता है।

सामूहिक एकता और समर्पण से सफल होगा महोत्सव

आचार्य श्री ने कहा कि आगामी पंचकल्याणक महोत्सव एक बड़ा संकल्प है। इसकी सिद्धि के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को पूरे मन, समर्पण और निष्ठा के साथ अपना योगदान देना होगा। किसी भी बड़े धार्मिक आयोजन की सफलता केवल भव्य व्यवस्थाओं और तैयारियों पर निर्भर नहीं करती, बल्कि उसके पीछे समाज की सामूहिक एकता, दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रत्येक व्यक्ति की आत्मीय सहभागिता महत्वपूर्ण होती है।

गुरुदेव ने प्रेरणा देते हुए कहा कि जब समाज एक लक्ष्य को लेकर एकजुट होकर आगे बढ़ता है, तो असंभव प्रतीत होने वाले कार्य भी संभव हो जाते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए आयोजन की सफलता के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

धर्म का संदेश जन-जन तक पहुंचे

गुरुदेव ने कहा कि पंचकल्याणक महोत्सव केवल एक भव्य धार्मिक आयोजन बनकर न रह जाए, बल्कि यह समाज में सदाचार, शाकाहार और नैतिक जीवन मूल्यों की स्थापना का माध्यम बने। महोत्सव के माध्यम से भगवान के जीवन दर्शन और धर्म के वास्तविक स्वरूप का संदेश जन-जन तक पहुंचे तथा लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आए।

उन्होंने कहा कि व्यक्ति केवल बाहरी वेशभूषा या धार्मिक क्रियाओं से धार्मिक नहीं बनता, बल्कि उसके विचारों की पवित्रता, व्यवहार की शुद्धता और आचरण की श्रेष्ठता ही उसकी वास्तविक धार्मिकता का परिचय देती है। धर्म का प्रभाव व्यक्ति के जीवन में दिखाई देना चाहिए और उसके व्यवहार से दूसरों को भी प्रेरणा मिलनी चाहिए।

आयोजन की सफलता के साथ आत्मकल्याण भी हो

आचार्य श्री ने कहा कि महोत्सव की वास्तविक सफलता तभी होगी, जब आयोजन के साथ-साथ लोगों के जीवन में भी धर्म, सदाचार और आत्मकल्याण की भावना का उदय हो। प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में अच्छे विचारों, श्रेष्ठ आचरण और नैतिक मूल्यों को अपनाए, यही धर्म की वास्तविक उपलब्धि है।

गुरुदेव के प्रेरणादायी संदेश ने समाजजनों को संकल्प के प्रति दृढ़ रहने, सामूहिक प्रयासों से लक्ष्य प्राप्त करने और धर्म को जीवन में उतारने की प्रेरणा दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ख़बरें पढ़ें
error: Content is protected !!