छत्तीसगढ़

सक्ती हत्या के बाद 6 दिनों से फरार आरोपी जंगल में छिपा मिला, हसौद पुलिस ने घेराबंदी कर किया गिरफ्तार

मुखबिर की सूचना पर देर रात खुर्सुला-बकलीपाली के जंगल में पुलिस ने दी दबिश, पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म


सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने छह दिनों बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी रंजीत धनुहार जंगल में छिपकर रह रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर हसौद पुलिस ने देर रात खुर्सुला-बकलीपाली, थाना बिलाईगढ़ क्षेत्र के जंगल में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
क्या है पूरा मामल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कैथा निवासी अनिल विश्वकर्मा ने 23 अक्टूबर 2026 को थाना हसौद में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, उसी दिन सुबह करीब 7 बजे उनकी दो नाबालिग भतीजियों ने रामलाल कश्यप के खेत में लक्ष्मीन बाई विश्वकर्मा (46 वर्ष) का शव देखा था।

परिजनों को मिली जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर की रात गांव के ही रंजीत धनुहार ने गाली-गलौज की बात को लेकर लक्ष्मीन बाई के साथ हाथ-मुक्कों और आग जलाने वाली लकड़ी से मारपीट की थी। आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने शव को खेत से उठाकर मृतका के घर की परछी में रख दिया और मौके से फरार हो गया।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना हसौद में अपराध क्रमांक 196/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की।

जंगल में छिपे आरोपी को देर रात घेराबंदी कर पकड़ा घटना के बाद से आरोपी रंजीत धनुहार पिता बुदलू धनुहार (49 वर्ष), निवासी ग्राम कैथा, थाना हसौद फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी और मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया था मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सक्ती श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल एवं एसडीओपी चंद्रपुर (डभरा) श्री सुमित गुप्ता के मार्गदर्शन में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी।

इसी दौरान 28-29 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम खुर्सुला-बकलीपाली, थाना बिलाईगढ़ क्षेत्र के जंगल में छिपकर रह रहा है। सूचना मिलते ही हसौद पुलिस टीम ने रात में ही जंगल में दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में हत्या करना स्वीकारा
पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ के दौरान आरोपी रंजीत धनुहार ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि गाली-गलौज की बात को लेकर उसने मृतका के साथ हाथ-मुक्कों एवं जलाने वाली लकड़ी से मारपीट की थी, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को 29 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर गिरफ्तारी के कारणों एवं जमानत के अधिकार की जानकारी दी। इसके बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही विशेष भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक विन्टन साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक एवं थाना प्रभारी हसौद जयराम साहू, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र वारेन, आरक्षक राजेश यादव एवं आरक्षक राजू खुटे का विशेष योगदान रहा।
थाना हसौद पुलिस की इस कार्रवाई के बाद हत्या के मामले में छह दिनों से फरार चल रहा आरोपी अब न्यायिक अभिरक्षा में है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ख़बरें पढ़ें
error: Content is protected !!