Welcome to Jansarovar Prime   Click to listen highlighted text! Welcome to Jansarovar Prime
क्राइमटॉप न्यूज़दुनियामध्य प्रदेशराजनीतिराज्यलोकल न्यूज़
Trending

धनपुरी अमराडंडी के गाड़ाघाट में बड़ा हादसा:

ईंट भट्ठे के गड्ढे में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत

रिपोर्टर :- *जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका*

शहडोल /अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत गाड़ाघाट में एक बेहद दर्दनाक हादसे में दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। बारिश के पानी से भरे ईंट-भट्ठे के खुले गड्ढे में नहाने गए बच्चों के साथ यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि बड़े भाई को डूबता देख छोटे भाई ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी गहरे पानी में समा गया और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना रविवार दोपहर बाद की है। गाड़ाघाट स्थित ईंट भट्ठे के लिए जगह-जगह गहरे गड्ढे खोदे गए थे, जो बारिश के कारण लबालब पानी से भर गए हैं। इन गड्ढों के चारों ओर न तो कोई सुरक्षा दीवार है और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगा है। दो सगे भाई इसी क्षेत्र में गए हुए थे, तभी एक भाई फिसलकर गहरे गड्ढे में चला गया। उसे बचाने के लिए दूसरे भाई ने छलांग लगा दी, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। अमलाई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

कलेक्टर ने जताया शोक, 4-4 लाख की सहायता मंजूर

इस दुखद घटना का संज्ञान लेते हुए शहडोल कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।

कलेक्टर श्री जायसवाल ने राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6(4) के प्रावधानों के तहत दोनों मृतक बच्चों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि तत्काल मंजूर करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा सहायता राशि की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जा रही है।

खुले गड्ढे बने मौत के कुएं

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में संचालित ईंट भट्ठों द्वारा मनमाने तरीके से गहरे गड्ढे खोदकर छोड़ दिए जाते हैं। बारिश में यही गड्ढे मौत के कुएं बन जाते हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे सभी खुले और खतरनाक गड्ढों को तत्काल बंद कराया जाए और ईंट भट्ठा संचालकों पर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल अमलाई पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!