टॉप न्यूज़

स्व-सहायता समूहों को बैंक ऋण और उद्यम स्थापना से जोड़ने प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

 

रोहित कुमार की रिपोर्ट

 

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में बैंकर्स और बिहान टीम की भूमिका महत्वपूर्ण – विनय कुमार पोयाम

 

जांजगीर-चांपा, 3 नवंबर 2026। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैंकर्स प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। इसका मुख्य उद्देश्य स्व-सहायता समूहों को बैंक ऋण सुविधा एवं उद्यम स्थापना से जोड़कर स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना था।

 

कार्यशाला Sami संबोधित करते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विनय कुमार पोयाम ने कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार हैं। समूहों को समय पर बैंक ऋण उपलब्ध कराना और उन्हें स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापना के लिए प्रोत्साहित करना जरूरी है। उन्होंने बैंकर्स एवं बिहान टीम को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही।

 

श्री पोयाम ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल समूहों को ऋण उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें सफल उद्यमी बनाकर स्थायी आजीविका के अवसर प्रदान करना है, ताकि ग्रामीण महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

 

कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर एनआरपी श्री दिलीप कुमार मित्रा एवं एएसपीएम श्री संतोष शर्मा ने बैंक क्रेडिट लिंकेज, ऋण प्राप्त करने की पात्रता, लंबित ऋण प्रकरणों के निराकरण, एंटरप्राइज फाइनेंस तथा आजीविका गतिविधियों के विस्तार के संबंध में विस्तारपूर्वक प्रशिक्षण दिया।

 

इस दौरान बैंक एवं बिहान मिशन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, स्व-सहायता समूहों के लंबित ऋण प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण करने तथा पात्र समूहों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही महिला उद्यमी राशि एवं व्यक्तिगत उद्यमी ऋण आवेदन की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई।

 

कार्यशाला में एलडीएम, डायरेक्टर आरसेटी, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, ब्लॉक टीम के अधिकारी-कर्मचारी, एफएलसीआरपी, बैंक मित्र एवं पीआरपी उपस्थित रहे।

 

कार्यशाला के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने, ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल एवं प्रभावी बनाने तथा स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में समन्वित प्रयास करने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ख़बरें पढ़ें
error: Content is protected !!