बुरहानपुर में राब्ता-ए-मदारिस इस्लामिया अरबिया म.प्र. का प्रांतीय सम्मेलन संपन्न, दीन की तालीम और मदरसों की तरक्की पर हुआ मंथन
शहडोल संभाग का प्रतिनिधित्व शहर सदर मोहम्मद ज़करिया ने किया, दारुल उलूम देवबंद के मोहतमिम रहे विशेष अतिथि


रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका
शहडोल। बुरहानपुर में दारुल उलूम शेख अली मुतकी, आनंदपुरा, उतावली सराय के तत्वावधान में राब्ता-ए-मदारिस इस्लामिया अरबिया मध्यप्रदेश का एक दिवसीय प्रांतीय सम्मेलन संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में प्रदेश भर से आए उलमा-ए-किराम, दीन के विद्वानों और मदरसों के जिम्मेदारों ने दीन की तालीम, मदरसों की तरक्की और शैक्षणिक उद्देश्यों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
सम्मेलन की अध्यक्षता जमीयत उलेमा मध्यप्रदेश के सदर एवं मुफ़्ती-ए-आज़म मध्यप्रदेश हज़रत मौलाना मुफ़्ती अहमद खान साहब ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मौलाना मुफ़्ती ज़ियाउल्लाह साहब के प्रारंभिक संबोधन से हुआ। उन्होंने दीन की तालीम की अहमियत, मदरसों के बीच आपसी तालमेल और समाज में इस्लामी शिक्षा के सकारात्मक प्रभावों पर प्रकाश डाला।
इस सम्मेलन में विशेष अतिथि के रूप में दारुल उलूम देवबंद के मोहतमिम हज़रत मौलाना शौकत कासमी बस्तवी साहब उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि मौजूदा दौर में दीन की तालीम समय की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने मदरसों के बीच बेहतर तालमेल, आपसी सहयोग और साझा शैक्षणिक उद्देश्यों पर मिलकर काम करने पर विशेष जोर दिया।
सम्मेलन में विभिन्न सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें उलमा और मदरसों के नुमाइंदों ने विद्यार्थियों के बेहतर चरित्र निर्माण, दीन की सही समझ पैदा करने, शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आपसी एकता और सहयोग को बढ़ावा देने जैसे अहम विषयों पर अपने विचार रखे।
शहडोल संभाग की सक्रिय भागीदारी
इस प्रांतीय सम्मेलन में शहडोल संभाग की ओर से शहडोल शहर सदर मोहम्मद ज़करिया साहब ने जमीयत उलेमा संभाग शहडोल के प्रतिनिधि के तौर पर सहभागिता की। उनकी मौजूदगी को क्षेत्र में दीनी तालीम, शैक्षणिक सहयोग और जमीयत की गतिविधियों के आपसी समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
सम्मेलन के समापन पर मुल्क, समाज, मदरसों और तमाम तालिब-ए-इल्म की तरक्की, कामयाबी और भलाई के लिए सामूहिक प्रयासों और दुआ के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।




