विज्ञानं और अध्यात्म का संगम, आचार्य श्री आर्जवसागर जी के दर्शनार्थ पहुँचे डॉ. देवकुमार जैन एवं डॉ. पद्मलोचनी जैन
विज्ञानं और अध्यात्म का संगम, आचार्य श्री आर्जवसागर जी के दर्शनार्थ पहुँचे डॉ. देवकुमार जैन एवं डॉ. पद्मलोचनी जैन

विज्ञानं और अध्यात्म का संगम, आचार्य श्री आर्जवसागर जी के दर्शनार्थ पहुँचे डॉ. देवकुमार जैन एवं डॉ. पद्मलोचनी जैन

इष्टोपदेश ग्रंथ के स्वाध्याय में राग-द्वेष त्यागने, आत्मचिंतन और आत्मकल्याण का संदेश
बड़ौत(संवाददाता मुकेश कुमार जैन )18 अक्टूबर 2026। आध्यात्मिक ज्ञान, विज्ञान और सेवा के संगम का प्रेरक प्रसंग उस समय देखने को मिला, जब भारत सरकार के कृषि मंत्रालय में उपमहानिदेशक एवं वैज्ञानिक डॉ. देवकुमार जैन तथा दुबई की पिरियोडॉन्टिस्ट (दंत एवं मसूड़ों की विशेषज्ञ) डॉ. पद्मलोचनी जैन ने परम पूज्य आचार्य श्री 108 आर्जवसागर जी महामुनिराज के दर्शन कर श्रीचरणों में नमन किया। इस अवसर पर दोनों ने आचार्य श्री से तत्वचर्चा कर आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त किया। आचार्य श्री ने उन्हें अपने स्वरचित स्वाध्याय ग्रंथ भेंट किए। अजितनाथ मंदिर समाज समिति की ओर से अतिथियों का बहुमान एवं अभिनंदन किया गया।
विज्ञान और चिकित्सा के क्षेत्र में अपनी सेवाएँ दे रहे इन विशिष्ट व्यक्तित्वों का संत सान्निध्य में पहुँचकर आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त करना लौकिक ज्ञान के साथ आत्मज्ञान के महत्त्व को भी रेखांकित करता है।
इष्टोपदेश के स्वाध्याय में बताया आत्मकल्याण का मार्ग
आचार्य श्री के सान्निध्य में प्रतिदिन प्रातः 8:30 बजे से आचार्य पूज्यपाद स्वामी द्वारा रचित जैन दर्शन के महत्त्वपूर्ण ग्रंथ इष्टोपदेश का स्वाध्याय किया जा रहा है। इस ग्रंथ में आत्मस्वरूप की पहचान, संसार के मोह से मुक्ति, राग-द्वेष का त्याग तथा मोक्षमार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा निहित है।
ग्रंथ के श्लोकों के भावार्थ के माध्यम से आत्मचिंतन और आत्मकल्याण की दिशा स्पष्ट होती है। मनुष्य अज्ञान, मोह और राग-द्वेष के कारण संसार के आकर्षणों में उलझकर अपने वास्तविक आत्मस्वरूप से दूर हो जाता है। क्रोध, प्रतिशोध और दूसरों को दुःख पहुँचाने की प्रवृत्ति जीवन में अशांति बढ़ाती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने विचारों एवं आचरण का निरीक्षण करते हुए क्षमा, संयम और विवेक को अपनाना चाहिए।
इष्टोपदेश की शिक्षा मनुष्य को शरीर और आत्मा के भेद को समझने तथा बाहरी उपलब्धियों एवं भौतिक आकर्षणों से ऊपर उठकर अपने वास्तविक स्वरूप को पहचानने की प्रेरणा देती है। सम्यक् दृष्टि, आत्मचिंतन और वीतरागता की भावना आत्मिक उन्नति के महत्त्वपूर्ण आधार हैं।
जिनवाणी का अध्ययन जीवन को देता है नई दिशा
आचार्य श्री के सान्निध्य में चल रहा इष्टोपदेश ग्रंथ का स्वाध्याय श्रद्धालुओं को जिनवाणी के सिद्धांतों को समझने और उन्हें अपने जीवन में उतारने की प्रेरणा प्रदान कर रहा है। वर्तमान समय में भौतिक प्रगति के साथ मानसिक एवं सामाजिक तनावों का सामना कर रहे लोगों के लिए जैन दर्शन का आत्मसंयम, अहिंसा और राग-द्वेष से मुक्ति का संदेश विशेष प्रासंगिक है।
डॉ. देवकुमार जैन एवं डॉ. पद्मलोचनी जैन का आचार्य श्री के दर्शनार्थ पहुँचना इस बात का प्रेरक उदाहरण है कि विज्ञान, चिकित्सा और अध्यात्म मानव जीवन के महत्त्वपूर्ण आयाम हैं। विज्ञान एवं चिकित्सा समाज के कल्याण में योगदान देते हैं, वहीं अध्यात्म व्यक्ति को नैतिकता, आत्मचिंतन और जीवन के वास्तविक उद्देश्य की ओर प्रेरित करता है।
गुरु आर्जव वाणी के माध्यम से यही संदेश जन-जन तक पहुँचता है कि ज्ञान तभी सार्थक है, जब वह जीवन में विवेक, सदाचार, करुणा और आत्मकल्याण की भावना विकसित करे। जिनवाणी का अध्ययन, गुरु का मार्गदर्शन और सिद्धांतों का आचरण ही आत्मिक उन्नति की दिशा में आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त करते हैं।



