एक मंच पर दिगंबर-श्वेतांबर समाज, गूंजा क्षमा और मैत्री का संदेश
एक मंच पर दिगंबर-श्वेतांबर समाज, गूंजा क्षमा और मैत्री का संदेश

एक मंच पर दिगंबर-श्वेतांबर समाज, गूंजा क्षमा और मैत्री का संदेश

विश्व मैत्री दिवस पर सामूहिक क्षमावाणी में साधु-साध्वी एवं श्रावक-श्राविकाओं ने लिया परस्पर सद्भाव का संकल्प; आचार्य सुनीलसागर महाराज का प्रेरक संदेश—“मन की मेमोरी साफ कर दो, शिकायतें डिलीट होंगी और शांति डाउनलोड होगी”
इंदौर। (संवाददाता मुकेश कुमार जैन)।
पर्युषण महापर्व की पूर्णाहुति के पावन अवसर पर रविवार को केसरबाग रोड स्थित घुंघट गार्डन के सन्मति समवशरण में दिगंबर एवं श्वेतांबर जैन समाज ने एक मंच पर एकत्र होकर सामूहिक क्षमावाणी पर्व को ‘विश्व मैत्री दिवस’ के रूप में मनाया। दोनों परंपराओं के साधु-साध्वी, श्रावक-श्राविकाओं की उपस्थिति में आयोजित इस अनूठे आयोजन ने जैन समाज की एकता, मैत्री, सद्भाव और परस्पर सम्मान का प्रभावी संदेश दिया।
कार्यक्रम में परम पूज्य आचार्य श्री 108 सुनील सागर जी महाराज ससंघ का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ। वहीं अनुष्ठान आराधिका एवं ज्योतिष चंद्रिका साध्वी श्री कुमुदलता जी महाराज सा. आदि ठाणा भी उपस्थित रहीं। जैन फोरम संस्थान की ओर से श्री अशोक जी मेहता सहित समाज के अनेक गणमान्यजन कार्यक्रम में सहभागी बने।
दस वर्षों का प्रयास हुआ साकार
श्वेतांबर महासंघ के अध्यक्ष श्री विजय जी मेहता ने कहा कि जिस कार्य को पूर्ण करने का प्रयास वे पिछले दस वर्षों से कर रहे थे, वह आज आचार्य भगवंत के आशीर्वाद से साकार हुआ है। दिगंबर और श्वेतांबर समाज का एक साथ बैठकर सामूहिक क्षमावाणी मनाना समाज की एकता, मैत्री और परस्पर सम्मान का सुंदर उदाहरण है।
“यही सच्चा मैत्री दिवस है”
साध्वी श्री कुमुदलता जी ने कहा कि आज का सामूहिक क्षमावाणी कार्यक्रम विश्व मैत्री दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित दिगंबर साधु परमेष्ठियों, श्वेतांबर साधु-साध्वियों तथा श्रावक-श्राविकाओं का अभिनंदन करते हुए कहा कि जब सभी साधु-साध्वी एवं श्रावक एक मंच पर बैठकर जिनवाणी का रसपान कर रहे हैं, तो यही सच्चे अर्थों में मैत्री दिवस है।
“मन की मेमोरी साफ कर दो, शिकायतें डिलीट होंगी”
आचार्य श्री सुनील सागर जी महाराज ने क्षमावाणी के आध्यात्मिक भाव को आधुनिक उदाहरण से समझाते हुए कहा— “एक दिन मन की मेमोरी भी साफ कर लिया करो, शिकायतें डिलीट हो जाएंगी और शांति डाउनलोड हो जाएगी।”
उन्होंने कहा कि हमारी जिंदगी इसलिए भारी हो जाती है, क्योंकि जिन बातों को भूल जाना चाहिए, उन्हें भी हम याद रखे रहते हैं। पर्युषण का सार ही क्षमा है। विदेशों में ‘सॉरी’ कहा जाता है, जबकि भारतीय परंपरा में ‘क्षमा करें, मिच्छामि दुक्कडम्’ की भावना व्यक्त की जाती है। उन्होंने समाजजनों से आह्वान किया कि जिस बात को याद करके दिल भारी हो जाता है, उसे क्षमा कर दें और मन को निर्मल बनाएं।
संस्कारों से समृद्ध होगा देश
गुरुदेव ने कहा कि देश तब विकसित नहीं होगा, जब केवल सभी लोग समृद्ध हो जाएंगे, बल्कि देश तब विकसित होगा जब सभी संस्कारित और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध होंगे। साध्वी श्री कुमुदलता जी के प्रति भाव व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि वे इतनी दूर से चलकर यहां पधारी हैं और उनका हृदय उदार एवं गंभीर है। उन्होंने मंगलकामना की कि वे कुमुदलता की तरह निरंतर विकसित होती रहें तथा संपूर्ण श्रमण समुदाय देशभर में जैन समाज ही नहीं, बल्कि जन-जन को जागृत करते हुए धार्मिक एवं क्षमावान बनाने का कार्य करे।
क्षमा से निर्मल होता है मन
सामूहिक क्षमावाणी का यह आयोजन दिगंबर एवं श्वेतांबर समाज के बीच मैत्री, एकता, सद्भाव और परस्पर सम्मान को और प्रगाढ़ करने वाला साबित हुआ। कार्यक्रम ने स्पष्ट संदेश दिया कि क्षमा केवल एक दिन मनाया जाने वाला पर्व नहीं, बल्कि मन को निर्मल करने, अहंकार को मिटाने और रिश्तों में मधुरता बनाए रखने की जीवनशैली है।




