कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव के श्रीचरणों में अर्पित की श्रद्धा, अभिनंदन एवं आभार पत्र भेंट कर लिया मंगल आशीर्वाद
कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव के श्रीचरणों में अर्पित की श्रद्धा, अभिनंदन एवं आभार पत्र भेंट कर लिया मंगल आशीर्वाद

कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव के श्रीचरणों में अर्पित की श्रद्धा, अभिनंदन एवं आभार पत्र भेंट कर लिया मंगल आशीर्वाद
नेमी नगर जैन कॉलोनी, इंदौर। (संवाददाता मुकेश कुमार जैन)
परम पूज्य आचार्य श्री 108 सुनीलसागरजी गुरुदेव ने अपने मंगल प्रवचन में जीवन में आत्मविजय, सकारात्मक सोच और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश देते हुए कहा कि यदि जीवन में सच्ची विजय प्राप्त करनी है तो परिस्थितियों से नहीं, बल्कि स्वयं से जीतना सीखिए। जीवन बदलने के लिए सबसे पहले अपनी सोच बदलना आवश्यक है। दुनिया को जीतने की इच्छा छोड़कर अपने मन और विकारों पर विजय प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए।
गुरुदेव ने कहा कि दूसरों को जीतने वाले संसार में अनेक वीर मिल जाते हैं, लेकिन स्वयं पर विजय प्राप्त करने वाले विरले ही होते हैं। भगवान वर्धमान महावीर स्वामी ने आत्मविजय का मार्ग दिखाया है। सच्चा वीर वही है, जो अपने क्रोध, मान, माया, लोभ और मन की चंचलता पर विजय प्राप्त कर सके। भगवान महावीर का जीवन हमें स्वयं को जीतने और आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
गुरुदेव ने जल संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए कहा कि वर्तमान समय में जल संकट से सामान्य जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है। जल है तो कल है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पानी का उपयोग विवेकपूर्वक और आवश्यकता के अनुसार करना चाहिए। दुनिया में जल से बड़ा कोई अमृत नहीं है। प्रकृति ने हमें हवा और पानी जैसी अमूल्य धरोहर निःशुल्क प्रदान की है, लेकिन मनुष्य पेड़ों की अंधाधुंध कटाई करके स्वयं ही ऑक्सीजन के प्राकृतिक स्रोतों को समाप्त कर रहा है। हमें प्रकृति के उपकारों को समझते हुए वृक्षों की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए।
इसी पावन अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीयजी ने आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरुदेव के समक्ष अपनी श्रद्धाभावना व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि गुरुदेव, आपके पदार्पण से इंदौर की पावन धरा धन्य और पवित्र हुई है। आपकी कठोर तपस्या, साधना और त्याग के समक्ष हम सभी इंदौरवासी नतमस्तक हैं।
श्री विजयवर्गीयजी ने कहा कि जहां संतों के चरण पड़ जाते हैं, वहां केवल मनुष्यों का ही नहीं, बल्कि प्रत्येक प्राणी, जीव-जंतु और वृक्षों तक का कल्याण होता है। संतों की साधना, तपस्या और आध्यात्मिक शक्ति का प्रभाव संपूर्ण वातावरण में अनुभव किया जा सकता है। संतों का सान्निध्य जीवन को सकारात्मक दिशा देने के साथ समाज में धर्म, सद्भाव और संस्कारों का संचार करता है।
उन्होंने भावुकता के साथ अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सदैव यही अभिलाषा रहती है कि संतों के चरणों का स्पर्श करने और उनका आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य मिलता रहे। गुरुदेव के समीप आकर चरण प्रक्षालन करने का अवसर प्राप्त होना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य और आनंद का विषय है। उन्होंने स्वयं को इस पावन अवसर पर धन्य अनुभव किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीयजी ने आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव के प्रति अपनी गहन श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करते हुए अभिनंदन एवं आभार पत्र भी भेंट किया। इस माध्यम से उन्होंने गुरुदेव के प्रति अपने हृदय की भावनाएं समर्पित कीं।
गुरुदेव की तपस्या, त्याग, साधना और मंगलमयी वाणी से इंदौर की धरा धर्म, अध्यात्म और सद्भाव के प्रकाश से आलोकित हो रही है। आत्मविजय, जल संरक्षण और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देने वाला यह संत सान्निध्य इंदौरवासियों के लिए श्रद्धा, भक्ति और गौरव का अविस्मरणीय अवसर बना।



