खुश रहने के लिए समय निकालिए, केवल खुश दिखने की होड़ में न उलझें : आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव
खुश रहने के लिए समय निकालिए, केवल खुश दिखने की होड़ में न उलझें : आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव

खुश रहने के लिए समय निकालिए, केवल खुश दिखने की होड़ में न उलझें : आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव
गोयल नगर, इंदौर। (संवाददाता मुकेश कुमार जैन)
परम पूज्य आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव ने अपने मंगल विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आज समय का ऐसा दौर आ गया है, जहां हर व्यक्ति दिन-रात भागदौड़ में लगा हुआ है। लोगों के पास स्वयं खुश रहने का समय नहीं है, लेकिन दूसरों के सामने खुश दिखने की होड़ जरूर लगी हुई है। जबकि जीवन में वास्तविक आनंद और सच्ची खुशी प्राप्त करने के लिए स्वयं के लिए समय निकालना बेहद आवश्यक है।
गुरुदेव ने कहा कि जो व्यक्ति धर्म, ध्यान और आध्यात्मिक साधना से जुड़ता है, वह जीवन में वास्तविक ऊंचाइयों को प्राप्त करता है। हमारी हथेली पहले भी छोटी थी और आज भी छोटी ही है, लेकिन समय के साथ इंसान की सोच, इच्छाएं और अपेक्षाएं बहुत बड़ी हो गई हैं। पहले लोग खुशियां पाने के लिए अनेक चीजों का त्याग कर देते थे, लेकिन आज विडंबना यह है कि लोग चीजें बटोरने के चक्कर में अपनी खुशियां ही गंवा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि भौतिक वस्तुएं ऐसी संपत्ति हैं, जिन्हें चोर भी चुरा सकते हैं, लेकिन भक्ति, धर्म और पुण्य ऐसी अमूल्य संपदा हैं, जिन्हें कोई भी छीन नहीं सकता। जब एक श्रावक सच्चे मन से भक्ति करता है और धर्म-आराधना में अपना समय लगाता है, तो उसका जीवन आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता से प्रकाशित होने लगता है। इसलिए जीवन में भौतिक सुख-सुविधाओं के पीछे भागने के साथ-साथ धर्म, ध्यान और आत्मकल्याण की साधना को भी उचित स्थान देना चाहिए।
गुरुदेव ने अपने संदेश के माध्यम से प्रेरित किया कि जीवन का उद्देश्य केवल धन-संपत्ति और भौतिक वस्तुओं का संग्रह करना नहीं, बल्कि आत्मिक शांति, संतोष और वास्तविक आनंद प्राप्त करना होना चाहिए। खुश दिखने के बजाय वास्तव में खुश रहना सीखें और अपने जीवन का कुछ समय आत्मचिंतन एवं धर्म आराधना के लिए अवश्य निकालें।
इस अवसर पर विधायक श्री महेंद्र हाड़िया जी सहित समाज के अनेक गणमान्यजन एवं बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रावक-श्राविकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। धर्मसभा में उपस्थित श्रद्धालुओं ने गुरुदेव के मंगल प्रवचनों का लाभ लेकर धर्म एवं आत्मकल्याण के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्राप्त की।




