मस्तूरी में राशन घोटाले का आरोप: कोनी पंचायत के शासकीय उचित मूल्य दुकान पर 222 क्विंटल चावल ब्लैक में बेचने की शिकायत
मस्तूरी बिलासपुर - 3 सितंबर 2026
बिलासपुर जिले के जनपद पंचायत मस्तूरी अंतर्गत ग्राम पंचायत कोनी में संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में बड़े पैमाने पर अनियमितता का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मस्तूरी को लिखित शिकायत देकर जांच की मांग की है।
ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार, ग्राम पंचायत कोनी की उचित मूल्य दुकान आई.डी. क्रमांक 2003 का संचालन सूरज कुमार पोर्ते पिता ईश्वर पोर्ते द्वारा किया जा रहा है। शिकायत में कहा गया है कि गांव के लिए कुल 245 क्विंटल चावल का आवंटन था लेकिन सेल्समैन द्वारा लापरवाही बरतते हुए 222 क्विंटल चावल बेच दिया गया है।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि चावल उपलब्ध नहीं होने से हितग्राही परेशान हैं और गरीब परिवारों को बाहर से महंगे दाम पर चावल खरीदना पड़ रहा है। साथ ही आरोप है कि सेल्समैन द्वारा आगामी माह का फिंगर लगाकर अगले महीने का चावल अभी वितरित किया जा रहा है जबकि ग्राम पंचायत कोनी में दो माह का चावल एक साथ चल रहा है।
इस मामले को लेकर उपसरपंच ग्राम पंचायत कोनी एवं ग्रामीणों ने हस्ताक्षरित शिकायत एसडीएम कार्यालय में प्रस्तुत की है और इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल शिकायत पर प्रशासन की ओर से जांच का आश्वासन दिया गया है।





