डायल-112 के जवानों ने दिखाई तत्परता, हादसे में घायल महिला को समय पर पहुँचाया अस्पताल

मुरैना। थाना सिविल लाइन क्षेत्र के अंतर्गत पीपरीपुर तिराहा पर मोटरसाइकिल और ई-रिक्शा के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल (FRV) डायल-112 के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित महिला को तत्काल जिला अस्पताल मुरैना पहुँचाया, जहाँ उसका उपचार जारी है।
भोपाल कंट्रोल रूम से मिली थी सूचना दिनांक 21 अगस्त 2026 को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 (भोपाल) के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि पीपरीपुर तिराहा पर सड़क हादसा हुआ है और घायल को त्वरित सहायता की आवश्यकता है।
मौके पर पहुँचकर तुरंत पहुँचाया अस्पताल सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मुरैना श्री धर्मराज मीना के निर्देशन में क्षेत्र में तैनात एफआरवी वाहन तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। मौके पर तैनात डायल-112 स्टाफ आरक्षक रघुनाथ सिंह और पायलट मनोज कुमार पचौरी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घायल महिला को तुरंत एफआरवी वाहन में बैठाया और बिना समय गंवाए जिला अस्पताल मुरैना भर्ती कराया।
समय पर इलाज मिलने से घायल महिला की स्थिति पर डॉक्टर नज़र बनाए हुए हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।




