टॉप न्यूज़दुनियादेशमध्य प्रदेश
Trending
जैन मंदिर में हुई चोरी का 16 दिनों में पर्दाफाश, आगरा से पकड़ाया शातिर चोर; 2.5 लाख का चांदी का छत्र बरामद
जैन मंदिर में हुई चोरी का 16 दिनों में पर्दाफाश, आगरा से पकड़ाया शातिर चोर; 2.5 लाख का चांदी का छत्र बरामद


मुरैना। कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन पंचायती बड़ा मंदिर में हुई चोरी का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के आगरा से एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब ₹2.50 लाख कीमत का 1.5 किलोग्राम वजनी चांदी का छत्र और वारदात में प्रयुक्त लोहे का कटर बरामद किया है।
क्या थी घटना? 4 अगस्त 2026 को मंदिर कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार जैन ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मंदिर के प्रथम तल पर स्थापित भगवान मुनिसुव्रतनाथ की प्रतिमा के ऊपर लगा तीन खण्ड का चांदी का छत्र गायब है। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 385/26 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
100 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर पकड़ा आरोपी मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुरैना श्री धर्मराज मीना के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती दीपाली चंदौरिया के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी ने विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर तंत्र के जरिए संदिग्ध की पहचान की।
20 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने अछनेरा (आगरा, उ.प्र.) में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी का छत्र बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी और उसका आपराधिक रिकॉर्ड:
-
आरोपी: शैलेश वर्मा पुत्र सुनील वर्मा, निवासी- अछनेरा, जिला आगरा (उत्तर प्रदेश)।
-
क्रिमिनल बैकग्राउंड: आरोपी आदतन अपराधी है और इसके खिलाफ आगरा, रकाबगंज व मदनमोहन गेट थानों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के 7 से अधिक संगीन मामले पहले से दर्ज हैं।
सराहनीय टीम इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह भदौरिया, उप निरीक्षक अरुण सिंह कुशवाह, दुर्गेश भदौरिया, अभिषेक जादौन, सहायक उप निरीक्षक किशन सिंह, आरक्षक रामकिशन, सूरज राठौर, अशोक गुर्जर, अर्जुन जाट, श्यामबिहारी और कुलदीप जाट की सराहनीय भूमिका रही।




