70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता 16 से 19 सितंबर तक शहडोल में, 240 खिलाड़ी दिखाएंगे दम


शहडोल। मध्य प्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 70वीं राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2026 का आयोजन इस वर्ष शहडोल जिले में किया जा रहा है। प्रतियोगिता 16 सितंबर से 19 सितंबर 2026 तक आयोजित होगी।
प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 10 संभागों के 120 बालक और 120 बालिका सहित कुल 240 प्रतिभावान चयनित खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही 10 प्रमुख प्रबंधक, 10 टीम मैनेजर, 20 कोच तथा 30 स्टेट ऑफिशियल (निर्णायक एवं रेफरी) सहित कुल 310 प्रतिभागी इस आयोजन में सहभागिता करेंगे।
प्रतिभागियों के ठहरने की समुचित व्यवस्था बी.टी.आई. कैम्पस में पृथक-पृथक भवनों में की गई है। प्रतियोगिता के मुकाबले गांधी स्टेडियम, अशासकीय गुड शेफर्ड कॉन्वेंट स्कूल शहडोल एवं बी.टी.आई. स्थित बास्केटबॉल मैदान में खेले जाएंगे।
तीनों खेल मैदानों में आगंतुकों एवं अतिथियों के लिए वाटरप्रूफ बैठक व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मैचों के लिए स्कोरबोर्ड का डिजिटल डिस्प्ले एवं खेल मैदान में प्रसारण की व्यवस्था भी की गई है।
प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग के पृथक-पृथक 20 लीग मैच, 02 सेमीफाइनल, 01 थर्ड पोजीशन और 01 फाइनल सहित कुल 48 मैच खेले जाएंगे।
दिनांक 16 सितंबर 2026 को प्रातः अशासकीय गुड शेफर्ड कॉन्वेंट स्कूल में उद्घाटन समारोह एवं उद्घाटन मैच का आयोजन होगा। प्रतियोगिता का समापन समारोह एवं फाइनल मैच भी गुड शेफर्ड कॉन्वेंट स्कूल शहडोल में ही संपन्न होगा।
उद्घाटन समारोह में अतिथियों के आगमन उपरांत मार्च पास्ट, ध्वजारोहण, खेल शपथ, संक्षिप्त सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं अतिथियों का उद्बोधन होगा।




