चौकी सरई पुलिस की सराहनीय पहल: 2 माह से गुमशुदा बालिका को सकुशल बरामद कर माता को सौंपा

अनूपपुर/करनपठार। पुलिस अधीक्षक अनूपपुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनूपपुर एवं एसडीओपी पुष्पराजगढ़ के मार्गदर्शन में थाना करनपठार और चौकी सरई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमशुदा बालिका को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द किया है।
मामले के अनुसार फरियादी दरियाब सिंह गोंड पिता ललजू सिंह गोंड (38) निवासी ग्राम बुल्हुपानी, चौकी सरई ने चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पुत्री (काल्पनिक नाम) कु. श्यामबाई उम्र 18 वर्ष दिनांक 27/06/2026 को सुबह 08 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई है। काफी तलाश और रिश्तेदारी में पता करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला।
फरियादी की सूचना पर चौकी सरई में दिनांक 05/07/2026 को गुम इंसान क्रमांक 0/26 (थाना करनपठार में गुम इंसान क्र. 30/26) दर्ज कर जांच में लिया गया। माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश के परिपालन में थाना करनपठार में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 260/2026 धारा 140(3) BNS के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।
इसी क्रम में आज दिनांक 15/09/2026 को पुलिस टीम द्वारा गुमशुदा बालिका को दस्तयाब किया गया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि माता-पिता से तकरार होने और पढ़ाई न कराने की वजह से वह नाराज होकर अपने नाना मोहन सिंह के घर चली गई थी। बालिका ने किसी के द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने या किसी भी प्रकार के गलत काम से इंकार किया और अपनी माता के साथ रहने की इच्छा जताई।
जिस पर ग्राम पंचायत सरई के सरपंच श्री भागसिंह पिता विष्णु सिंह एवं राजेन्द्र मार्को पिता फूलचंद मार्को के समक्ष सुपुर्दगी पंचनामा तैयार कर गुमशुदा बालिका को सकुशल उसकी माता श्रीमती लमिया बाई पति दरियाब सिंह निवासी ग्राम बुल्हुपानी को सुपुर्द किया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका –
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी करनपठार निरीक्षक उमेश उपाध्याय, चौकी प्रभारी सरई उप निरीक्षक मंगला दुबे के नेतृत्व में प्र.आर. 74 रामप्रसाद मरावी, प्र.आर. 61 फूल सिंह श्याम, आर. 346 साहब सौर, आर. 201 मनोज धुर्वे, आर. 376 अनुराग सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



