थाना गोहपारू पुलिस द्वारा दोहरे हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार कर न्यायालय पेश


शहडोल। जिला शहडोल के थाना गोहपारू क्षेत्रांतर्गत ग्राम नवागांव में दो महिलाओं की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले में पुलिस ने मर्ग जांच के बाद बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया है।
क्या है मामला –
दिनांक 08.10.2026 को ग्राम नवागांव स्थित एक मकान के अंदर कमरे में श्रीमती रुचि रजक (उम्र 22 वर्ष) एवं उनकी मां श्रीमती सावित्री रजक (उम्र 40 वर्ष) के शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर थाना गोहपारू पुलिस ने मर्ग प्रकरण कायम कर जांच शुरू की।
मर्ग जांच के दौरान मृतिकाओं के परिजनों के कथन, घटनास्थल निरीक्षण एवं शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अवलोकन में पाया गया कि दोनों की मृत्यु सिर में गंभीर चोट लगने से अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार अग्रवाल द्वारा प्रकरण की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए शीघ्र आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे।
जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर संदेही प्रवीण उर्फ दिनेश रजक पिता हीरालाल रजक के विरुद्ध धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
आरोपी गिरफ्तार –
विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आरोपी प्रवीण उर्फ दिनेश रजक उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम नवाटोला, थाना गोहपारू, जिला शहडोल को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। प्रकरण में विवेचना जारी है।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक जे.पी. शर्मा, थाना प्रभारी गोहपारू के मार्गदर्शन में प्र.आर. 154 दिनेश प्रसाद केवट, प्र.आर. 508 नरेन्द्र सिंह, प्र.आर. 364 विजय कुमार मेहरा, प्र.आर. 57 रुद्रप्रताप, आर. 360 मोनू शर्मा एवं आर. 216 राजकुमार रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




