जैतपुर में अवैध रेत भंडारण पर प्रशासन का शिकंजा, तीन गांवों में संयुक्त कार्रवाई


रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका
शहडोल / जैतपुर। थाना जैतपुर क्षेत्र के ग्राम खोडरी, गलहथा एवं कोलुहा में लंबे समय से हो रहे अवैध रेत भंडारण पर आखिरकार प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
ग्रामीणों से लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय अग्रवाल ने थाना प्रभारी जैतपुर को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। एसपी ने खनिज एवं राजस्व विभाग से समन्वय कर संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई करने को कहा था।
निर्देशों के परिपालन में आज दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को एक संयुक्त दल ने तीनों गांवों में दबिश दी। संयुक्त दल में थाना प्रभारी जैतपुर मोहम्मद समीर, एसडीएम जैतपुर दीपक मांडवी, खनिज अधिकारी राहुल शांडिल्य एवं खनिज निरीक्षक अभिषेक पटले सहित पुलिस, राजस्व एवं खनिज विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
कार्रवाई के दौरान तीनों स्थानों पर भंडारित अवैध रेत बरामद की गई। विभागीय नियमानुसार बरामद की गई रेत को मौके पर ही मिट्टी में मिलाकर खुर्द-बुर्द किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।



