उत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़देशधर्मधार्मिकलोकल न्यूज़
Trending

परोपकार, पारिवारिक संस्कार और सम्यक् दर्शन से होगा जीवन का कल्याण : आचार्य श्री आर्जवसागर

परोपकार, पारिवारिक संस्कार और सम्यक् दर्शन से होगा जीवन का कल्याण : आचार्य श्री आर्जवसागर

श्रीफल के आध्यात्मिक महत्व को समझाया, बच्चों को संस्कारित करने और परिवार में प्रेम बनाए रखने की दी प्रेरणा

 

बड़ौत (संवाददाता मुकेश कुमार जैन )। अजितनाथ सभागार में विराजमान परम पूज्य आचार्य श्री 108 आर्जवसागर जी महामुनिराज ने ‘गुरु आर्जव वाणी’ प्रवचनमाला में परोपकार, पारिवारिक संस्कार, सम्यक् दर्शन और श्रीफल के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु का उपकार महान होता है। प्रकृति भी हमें निःस्वार्थ सेवा की प्रेरणा देती है। वृक्ष धूप सहकर दूसरों को फल देते हैं, नदियां निरंतर जल प्रवाहित करती हैं और गायें दुग्ध प्रदान करती हैं। इसके विपरीत, मनुष्य स्वार्थ और धन के कारण पारिवारिक संबंधों को कमजोर कर रहा है। भाइयों के बीच बढ़ता भेदभाव और परिवारों में दूरियां चिंता का विषय हैं। हमें प्रेम, सहयोग और परोपकार की भावना अपनानी चाहिए।

 

आचार्य श्री ने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में माता-पिता की भूमिका महत्वपूर्ण है। बच्चों को केवल दूसरों के भरोसे छोड़ने के बजाय स्वयं अच्छे संस्कार देने चाहिए। उन्हें जैन धर्म, धार्मिक पाठशालाओं और नैतिक शिक्षा से जोड़ना आवश्यक है। संस्कारवान बच्चे परिवार, समाज, धर्म और राष्ट्र का गौरव बढ़ाते हैं।

 

सम्यक् दर्शन आत्मकल्याण का आधार

 

सम्यक् दर्शन की महिमा बताते हुए आचार्य श्री ने कहा कि वीतरागी देव, शास्त्र और गुरु के प्रति सच्चा श्रद्धान आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है। सम्यक् दर्शन जीव को सही दिशा प्रदान कर उसके आध्यात्मिक उत्थान का आधार बनता है। प्रत्येक व्यक्ति को सम्यक् श्रद्धान के महत्व को समझकर आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।

 

श्रीफल में छिपा है आध्यात्मिक संदेश

 

श्रीफल अर्थात नारियल के आध्यात्मिक महत्व को समझाते हुए आचार्य श्री ने बताया कि उसका बाहरी आवरण और जटाएं परिग्रह त्याग तथा मुनि जीवन के केशलोंच की प्रेरणा देते हैं। नारियल के तीन नेत्र सम्यक् दर्शन, सम्यक् ज्ञान और सम्यक् चरित्र रूपी रत्नत्रय की याद दिलाते हैं। बाहर से कठोर दिखाई देने वाला नारियल भीतर से कोमल और स्वच्छ होता है। इसी प्रकार गुरु नियमों और तपस्या में कठोर होते हुए भी हृदय से वात्सल्यपूर्ण होते हैं।

 

नारियल को बजाने पर उसके बाहरी आवरण और भीतरी गोले का अलग-अलग अनुभव शरीर और आत्मा के भेद को समझने की प्रेरणा देता है। इसे भेदविज्ञान कहा जाता है, जिसके माध्यम से साधक शरीर से भिन्न आत्मा के वास्तविक स्वरूप को समझने का प्रयास करता है।

 

आचार्य श्री ने प्रेरणा दी कि मनुष्य राग-द्वेष और स्वार्थ का त्याग कर परिवार में प्रेम एवं वात्सल्य बनाए रखे। बच्चों को संस्कारित करना, परोपकार की भावना अपनाना तथा सम्यक् दर्शन और गुरु द्वारा बताए मार्ग पर चलना ही जीवन को सार्थक बनाने का मार्ग है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ख़बरें पढ़ें
error: Content is protected !!