थाना बुढार पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 1 लाख रुपये की चोरी का किया खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.) जन सरोवर प्राइम पत्रिका

थाना बुढार पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 1 लाख रुपये की चोरी का किया खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका

बुढार / शहडोल। थाना बुढार पुलिस ने चोरी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया । आरोपियों के कब्जे से लगभग 1 लाख रुपये मूल्य की चोरी गई सामग्री बरामद की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 19-20 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात प्रकाश पेट्रोल पंप के पास स्थित मैको कॉर्पोरेशन के वाहन यार्ड में अज्ञात चोरों द्वारा वारदात को अंजाम दिया गया था। चोरों ने वहां खड़े 08 ट्रेलर एवं एक क्रेन से 18 बैटरियां, जैक, रिंच-पाना, चैन, बेल्ट, क्रेन का डिस्प्ले एवं डीजल सहित वाहन संबंधी सामान चोरी कर लिया था। चोरी गई सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
इस संबंध में दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को फरियादी अभिलाष कुमार वर्मा, निवासी धनपुरी द्वारा थाना बुढार में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक खेम सिंह पेंद्रो द्वारा पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदेहियों से पूछताछ की, जिसके बाद चोरी में संलिप्त 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 08 बैटरियां, 03 हेलमेट, जैक, पट्टा एवं अन्य सामग्री सहित लगभग 1 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
गिरफ्तार आरोपी –
कमल सिंह भदौरिया, उम्र 18 वर्ष 05 माह, निवासी भुतही मोहल्ला, वार्ड क्रमांक 01, थाना बुढार
मोबीन खान, उम्र 22 वर्ष, निवासी राजा होटल के पीछे, वार्ड क्रमांक 08, थाना बुढार
अलीशान खान, उम्र 23 वर्ष, निवासी जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़), हाल निवासी वार्ड क्रमांक 11, थाना बुढार
एक विधि विरुद्ध बालक, उम्र 17 वर्ष 09 माह, निवासी भुतही मोहल्ला, थाना बुढार
प्रकरण में 03 आरोपियों को न्यायालय बुढार के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जबकि विधि विरुद्ध बालक को किशोर न्यायालय, शहडोल के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
उक्त कार्यवाही थाना प्रभारी निरीक्षक खेम सिंह पेंद्रो के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रजनीश तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक क्लामेंट जॉन, सहायक उपनिरीक्षक राजा भैया बागरी, सहायक उपनिरीक्षक गिरीश शुक्ला, प्रधान आरक्षक अमर बागरी, प्रधान आरक्षक दशरथ एवं थाना बुढार के समस्त पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण सराहनीय भूमिका रही।




