पुलिस बल की दक्षता को मिलेगी नई दिशा : शहडोल में नवनिर्मित पुलिस ऑडिटोरियम का शुभारंभ
शहडोल में पुलिस ऑडिटोरियम भवन का उद्घाटन, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका
शहडोल। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यकुशलता, क्षमता विकास और प्रशिक्षण को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से थाना यातायात परिसर, शहडोल में नवनिर्मित पुलिस ऑडिटोरियम भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिला पुलिस बल द्वारा इस ऑडिटोरियम का निर्माण कराया गया है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक शहडोल श्री संजय कुमार अग्रवाल ने फीता काटकर इसका शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस ऑडिटोरियम के बनने से पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर प्रशिक्षण और विभागीय गतिविधियों के आयोजन के लिए आधुनिक सुविधा मिलेगी, जिससे पुलिस बल की व्यावसायिक दक्षता में वृद्धि होगी।
50 से अधिक नीम के पौधे रोपे, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
ऑडिटोरियम उद्घाटन के साथ ही पुलिस अधीक्षक ने परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने थाना यातायात परिसर में 50 से अधिक नीम के पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर एसपी श्री अग्रवाल ने उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करें, ताकि वे बड़े होकर पर्यावरण संरक्षण और हरियाली संवर्धन में अपनी भूमिका निभा सकें।
उन्होंने कहा, “पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस विभाग कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है।”
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी यातायात सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण और रोपे गए पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।



