थाना जैतहरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 302 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब सहित बोलेरो वाहन जप्त


रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका
जैतहरी /अनूपपुर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जैतहरी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक बिना नंबर की महिंद्रा बोलेरो से 302.520 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जप्त की है। जप्त शराब की अनुमानित कीमत 2 लाख 26 हजार 476 रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। मामले में आरोपी राजा सिंधी और उसके अज्ञात साथी चालक के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार दिनांक 21/ 22 अगस्त 2026 की रात लगभग 2 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की बोलेरो S6 में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब अनूपपुर की ओर से जैतहरी लाई जा रही है।
सूचना पर थाना जैतहरी पुलिस टीम ने डायल-112 स्टाफ के साथ बेलिया फाटक पर घेराबंदी की। कुछ देर बाद अनूपपुर की ओर से एक ट्रक के पीछे सफेद बोलेरो आती दिखी। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो वाहन धीमा हुआ, उस दौरान चालक के बगल वाली सीट पर राजा सिंधी बैठा दिखाई दिया।
पुलिस को देखकर अज्ञात चालक ने गाड़ी तेज कर जैतहरी की ओर भगा दी। पुलिस और डायल-112 ने पीछा किया तो चालक बोलेरो को अमन होटल के बगल वाले रास्ते में ले गया। कुछ दूरी पर अंधेरे का फायदा उठाकर चालक और राजा सिंधी वाहन छोड़कर फरार हो गए।
गाड़ी से मिले महंगे ब्रांड
गवाहों के समक्ष बिना नंबर की बोलेरो की तलाशी लेने पर उसमें कार्टूनों में भरी हुई विभिन्न कंपनियों की अंग्रेजी शराब मिली, जिसमें 8 PM, मैक डॉवेल्स, रॉयल स्टैग, मैजिक मूमेंट, बोल्ट बीयर, गोवा सहित अन्य ब्रांड शामिल हैं।
पुलिस ने मौके पर वीडियोग्राफी कर शराब और बोलेरो वाहन को जप्त कर कब्जे में लिया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
जप्त सामग्री –
अवैध अंग्रेजी शराब – 302.520 लीटर
अनुमानित कीमत – 2,26,476 रुपये
महिंद्रा बोलेरो वाहन – 01
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के परिवहन और विक्रय के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
उक्त कार्यवाही पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी अनूपपुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय, उप निरीक्षक अमरलाल यादव, सउनि सुरेश कोरी, सउनि श्याम शुक्ला, सउनि जयसिंह, आरक्षक 250 नरेन्द्र जाट एवं आरक्षक 312 मनीष सिंह तोमर की महत्वपूर्ण सराहनीय भूमिका रही।


