
वागड़ से पधारे 18 हजार दशा हूमड़ समाज के अध्यक्ष दिनेश जी खोड़निया ने आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव के चरणों में अर्पित की भावनाएं, सागवाड़ा पावापुरी की प्रतिष्ठा एवं स्वर्णिम अवतरण दिवस वागड़ में मनाने का किया भावपूर्ण निवेदन
नेमी नगर जैन कॉलोनी, इंदौर। (संवाददाता मुकेश कुमार जैन)
परम पूज्य आचार्य श्री 108 सुनीलसागरजी गुरुदेव के दर्शन एवं मंगल आशीर्वाद प्राप्त करने हेतु वागड़ क्षेत्र से पधारे 18 हजार दशा हूमड़ समाज के अध्यक्ष श्री दिनेश जी खोड़निया ने गुरुदेव के श्रीचरणों में अपनी श्रद्धा, भक्ति एवं भावनाएं समर्पित करते हुए वागड़ की पावन धरा पर मंगल आगमन का भावपूर्ण निवेदन किया।
इस अवसर पर श्री खोड़निया ने वागड़ क्षेत्र के समस्त समाजजनों की भावनाएं व्यक्त करते हुए बताया कि गुरुदेव ने पूर्व में सागवाड़ा में भव्य पावापुरी के निर्माण का जो दिव्य स्वप्न देखा था, वह अब साकार होने की दिशा में अग्रसर है। समस्त समाज की हार्दिक अभिलाषा है कि इस पावन धार्मिक कार्य की प्रतिष्ठा आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव के मंगल सान्निध्य एवं आशीर्वाद में संपन्न हो, जिससे यह आयोजन ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक गरिमा प्राप्त कर सके।
उन्होंने वागड़वासियों की ओर से गुरुदेव के समक्ष विनयपूर्वक निवेदन करते हुए आगामी 7 अक्टूबर 2027 को आयोजित होने वाले गुरुदेव के 50वें स्वर्णिम अवतरण दिवस को वागड़ की पावन धरा पर भव्यता एवं श्रद्धा के साथ मनाने की भावना भी प्रकट की।
इस अवसर पर गुरुदेव ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में जीवन के संकल्प, स्वप्न और पुरुषार्थ का महत्व समझाते हुए कहा कि “सपने वे सफल नहीं होते, जो बंद आंखों से देखे जाते हैं, बल्कि सफलता उन सपनों को मिलती है, जिन्हें खुली आंखों से देखा जाता है और जिन्हें साकार करने के लिए निरंतर पुरुषार्थ किया जाता है।”
गुरुदेव ने आगे प्रेरणा देते हुए कहा कि मनुष्य को जीवन में ऐसे सपने देखने चाहिए, जो केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों तक सीमित न रहें, बल्कि जैन धर्म की महिमा और गरिमा को बढ़ाने वाले हों। धर्म के प्रचार-प्रसार, समाज के विकास, आध्यात्मिक चेतना के विस्तार तथा आत्मकल्याण के उद्देश्य से किए गए संकल्प ही जीवन को सार्थकता प्रदान करते हैं।
गुरुदेव के इन अमृतमय एवं प्रेरणादायी वचनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को धर्म, समाज और आत्मकल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की नई ऊर्जा प्रदान की। वागड़ क्षेत्र से आए प्रतिनिधियों ने गुरुदेव के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके मंगल आगमन की अभिलाषा दोहराई।




