टॉप न्यूज़देशधर्मधार्मिकमध्य प्रदेशराजस्थानराज्यलोकल न्यूज़
Trending

सांसारिक चमत्कार नहीं, आत्मिक सुख की साधना ही जीवन का सच्चा लक्ष्य : मुनि श्री सुप्रभसागर

सांसारिक चमत्कार नहीं, आत्मिक सुख की साधना ही जीवन का सच्चा लक्ष्य : मुनि श्री सुप्रभसागर

सांसारिक चमत्कार नहीं, आत्मिक सुख की साधना ही जीवन का सच्चा लक्ष्य : मुनि श्री सुप्रभसागर जी

 

भेड़चाल में दौड़ता मनुष्य स्थायी सुख की तलाश में भूल रहा जीवन का वास्तविक उद्देश्य; मुनि श्री वैराग्यसागर जी बोले—सत्पात्र को दान न देने वाला मृतक के समान

 

देवली। (संवाददाता मुकेश कुमार जैन)।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री सुप्रभसागर जी महाराज ने कहा कि संसार में दिखाई देने वाले चमत्कार स्थायी नहीं होते, फिर भी मनुष्य उनके पीछे अपना जीवन लगा देता है। वास्तविक चमत्कार तो तब घटित होता है, जब व्यक्ति सच्चे देव, शास्त्र और गुरु के चरणों में स्वयं को समर्पित करता है। गुरु के सान्निध्य और धर्म की साधना से व्यक्ति के जीवन की दिशा ही बदल जाती है।

 

उन्होंने कहा कि आज मनुष्य भेड़चाल में दौड़ रहा है। जहां भीड़ जाती है, व्यक्ति उसी दिशा में चल पड़ता है, लेकिन यह जानने का प्रयास नहीं करता कि उसके जीवन का वास्तविक उद्देश्य क्या है। प्रत्येक व्यक्ति सुख चाहता है और चाहता है कि उसका सुख स्थायी बना रहे, लेकिन सांसारिक सुखों की प्राप्ति के प्रयास में वह शाश्वत आत्मिक सुख को भूल जाता है।

 

मुनि श्री ने कहा कि भगवान की भक्ति, पूजा, शांति धारा और धार्मिक क्रियाओं का उद्देश्य केवल सांसारिक सुख-सुविधाओं की प्राप्ति नहीं, बल्कि आत्मा के स्थायी सुख की ओर बढ़ना है। मनुष्य को बाहरी उपलब्धियों के पीछे भागने के बजाय अपने भीतर शांति और आत्मिक आनंद की तलाश करनी चाहिए।

 

वैराग्यवर्धक केशलोंच से शरीर के प्रति राग कम करने का संदेश

 

इसी अवसर पर मुनि श्री सुप्रभसागर जी महाराज ने वैराग्यवर्धक केशलोंच किया। जैन साधना में केशलोंच संयम और वैराग्य की साधना का महत्वपूर्ण अंग माना जाता है। अपने केशों को घास के समान मानकर त्यागने की यह साधना शरीर के प्रति राग और आसक्ति को कम करने तथा आत्मकल्याण की भावना को दृढ़ करने का संदेश देती है। साधु जीवन में यह कठिन साधना त्याग, संयम और वैराग्य की प्रेरणा प्रदान करती है।

 

सत्पात्र को दान देना पुण्य का माध्यम : मुनि श्री वैराग्यसागर जी

 

धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री वैराग्यसागर जी महाराज ने दान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जो व्यक्ति सत्पात्र को दान नहीं देता, वह मृतक के समान है। जिस घर में सत्पात्र के लिए आहार का आयोजन नहीं होता, वह घर श्मशान के समान है।

 

उन्होंने कहा कि आहार दान करने वाला व्यक्ति पुण्य का अर्जन करता है। दान के माध्यम से प्राप्त पुण्य भोगोपभोग की परिस्थितियों का कारण बनता है और परंपरा से मुक्ति की दिशा में भी मार्ग प्रशस्त करता है। संसार में धन-संपदा और सभी साधन पुण्य के अधीन माने गए हैं। पुण्य के कारण संपदा प्राप्त होने के बाद यदि उसका सदुपयोग धर्म, सेवा और दान में नहीं किया जाए तो उसकी सार्थकता समाप्त हो जाती है।

 

मुनि श्री ने श्रद्धालुओं से कहा कि जीवन में प्राप्त धन, साधन और संपदा को केवल अपने भोग के लिए नहीं, बल्कि धर्म, सेवा, दान और सद्कार्यों में लगाना चाहिए। प्राप्त संसाधनों का सदुपयोग ही उन्हें जीवन के लिए सार्थक बनाता है। धर्मसभा में श्रद्धालुओं ने मुनिराजों के प्रवचनों का श्रवण कर आत्मकल्याण एवं सद्मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ख़बरें पढ़ें
error: Content is protected !!