अनूपपुर में पशु तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: क्रूरतापूर्वक ठूंसे गए 3 मवेशी बरामद, 8.60 लाख का मशरूका जब्त, चालक फरार

अनूपपुर। पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब (भा.पु.से.) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ सिंह मरकाम के निर्देशन में जिले में पशु तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस चौकी फुनगा को बड़ी सफलता मिली है।
एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य एवं थाना प्रभारी भालूमाडा श्रीमती राधिका भगत के मार्गदर्शन में दिनांक 28 सितंबर 2026 को चौकी फुनगा पुलिस ने अवैध एवं क्रूरतापूर्वक मवेशी परिवहन के मामले में कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो पिकअप वाहन से 2 नग पड़ा एवं 1 नग भैंस सहित कुल 3 मवेशी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि एक बोलेरो पिकअप में मवेशियों को कम जगह में ठूंस-ठूंसकर कोतमा की ओर से छिल्पा की तरफ ले जाया जा रहा है। कोतमा एवं भालूमाडा पुलिस द्वारा नाकाबंदी किए जाने पर चालक चकमा देकर भाग निकला। इसके बाद फुनगा चौकी पुलिस ने मेन रोड छिल्पा पर नाकाबंदी की। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर चालक पिकअप को सड़क से उतारकर जंगल की झाड़ियों में छोड़कर फरार हो गया।
तलाशी लेने पर पिकअप में 2 पड़ा एवं 1 भैंस के पैर और सींग रस्सियों से बांधकर वाहन की बॉडी में बने हुक से बंधे हुए पाए गए। पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार कर मवेशियों एवं पिकअप वाहन को जब्त कर लिया।
जब्त मशरूके में मवेशियों की अनुमानित कीमत 1.60 लाख रुपये तथा पिकअप वाहन की कीमत 7 लाख रुपये सहित कुल 8.60 लाख रुपये का मशरूका शामिल है। पुलिस ने पिकअप चालक के विरुद्ध वैध धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। आरोपी चालक की तलाश जारी है।
उक्त कार्रवाई में उप निरीक्षक सोने सिंह परस्ते, प्र.आर. कृष्ण कुमार पटेल, कृपाल सिंह, रामखिलावन यादव, आर. हर्षित गौतम, वीर सिंह, दिनेश किराड़े, महेश साहू, साइबर सेल से प्र.आर. पंकज मिश्रा एवं प्राइवेट चालक महेन्द्र पनिका की अहम भूमिका रही।



