अनूपपुर (जैतहरी) में पशु क्रूरता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 20 मवेशी बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
3 पिकअप वाहन जब्त, 21.20 लाख का मशरूका जप्त, छत्तीसगढ़ पुलिस के सहयोग से मिली सफलता


रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका
अनूपपुर / जैतहरी | थाना जैतहरी पुलिस ने पशु क्रूरता एवं अवैध पशु परिवहन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 पिकअप वाहनों से 20 मवेशियों को मुक्त कराया है। पुलिस ने तीनों वाहन जब्त किए हैं जिनकी कुल अनुमानित कीमत 21 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार 3 सितंबर को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि वाहन क्रमांक MP 19 ZT 5653 सहित 2 बिना नंबर की पिकअप वाहनों में मवेशियों को ठूंस-ठूंसकर एवं क्रूरतापूर्वक बांधकर कटने हेतु मरवाही, छत्तीसगढ़ की ओर से सिवनी-मुण्डा मार्ग से ले जाया जा रहा है।
सूचना पर पुलिस अधीक्षक अनूपपुर को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर थाना जैतहरी एवं पुलिस सहायता केंद्र वेंकटनगर की 3 टीमों ने ग्राम मुण्डा-सिवनी मार्ग पर नाकाबंदी की। साथ ही छत्तीसगढ़ पुलिस को भी सूचना दी गई। छत्तीसगढ़ पुलिस ने संदिग्ध वाहनों का पीछा कर उन्हें खदेड़ा और अनूपपुर पुलिस से समन्वय स्थापित किया।
नाकाबंदी के दौरान तीनों वाहन तेज गति से आते दिखे। रोकने का संकेत देने पर चालकों ने वाहन नहीं रोके और भागने लगे। पीछा करने पर तीनों चालक अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर फरार हो गए।
तलाशी लेने पर एक पिकअप में 7, दूसरी में 6 मवेशी जिनमें एक भैंस मृत अवस्था में थी, तथा तीसरी पिकअप में 7 मवेशी मिले। सभी मवेशियों को रस्सियों से बांधकर अत्यंत क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर भरा गया था, उनके लिए चारा-पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी।
पुलिस टीम ने मौके से एक आरोपी आसीफ कुरैशी पिता हसनैन कुरैशी, उम्र 26 वर्ष, निवासी जेकेडी झगड़ाखान, मनेन्द्रगढ़, छत्तीसगढ़ को पकड़ लिया। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। फरार चालकों की तलाश जारी है।
जप्त मशरूका –
03 पिकअप वाहन – 17,00,000 रुपये
20 मवेशी – 4,20,000 रुपये
कुल – 21,20,000 रुपये
उक्त कार्यवाही पुलिस अधीक्षक अनूपपुर के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी अनूपपुर के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी जैतहरी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय, चौकी प्रभारी उनि प्रवीण साहू, उनि मणिराज सिंह, सउनि सुरेश कुमार कोरी, प्र.आर. चालक दिनेश पाटील, आर. 312 मनीष सिंह तोमर एवं आर. 288 विजय टाटू की महत्वपूर्ण सराहनीय भूमिका रही।




