ग्राम टेंगरहा में जंगली हाथियों की चहलकदमी – एसपी ने वन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण


रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका
शहडोल। जिले के वन परिक्षेत्र जयसिंहनगर उत्तर, वनमण्डल शहडोल अंतर्गत ग्राम टेंगरहा एवं आसपास के क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल ने वन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों से जंगली हाथियों की वर्तमान गतिविधियों, उनके आवागमन के संभावित मार्गों तथा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली एवं क्षेत्र का भ्रमण किया।
वनमंडलाधिकारी डॉ. गौरव सक्सेना ने ग्रामीणों के बचाव हेतु जानकारी देते हुए बताया कि –
वन विभाग द्वारा सुरक्षा हेतु व्यापक प्रबंध किए गए हैं। अधिकांश वन कर्मियों एवं स्टाफ को गांव की ओर तैनात किया गया है, ताकि कोई अप्रिय घटना घटित न हो। लाउडस्पीकर, मुनादी एवं कोटवार के माध्यम से लगातार ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। हाथियों की पल-पल की लोकेशन के लिए कंट्रोल रूम एवं व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना तंत्र सक्रिय किया गया है।
ग्रामीणों से अपील:
हाथियों से कम से कम 200 मीटर की सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
रात्रि के समय खेत, जंगल एवं हाथी विचरण मार्ग में न जाएं।
खेतों में लगे बिजली के तारों / लाइटों को बंद रखें।
हाथियों को पटाखे, आग, शोर-शराबा कर परेशान न करें और भीड़ न लगाएं।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जंगली हाथी प्रभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखी जाए। स्थानीय ग्रामीणों को आवश्यक सावधानियों के संबंध में जागरूक किया जाए। हाथियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर वन विभाग एवं पुलिस आपसी समन्वय स्थापित कर तत्काल आवश्यक कदम उठाए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
उन्होंने ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आमजन को जंगली हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और उनकी सूचना मिलने पर स्वयं उनके पास जाने के बजाय वन विभाग एवं पुलिस को सूचित करने हेतु जागरूक करने पर जोर दिया।
इस दौरान एसडीओएफ डॉ. गौरव सक्सेना, एसडीओपी श्री ऋषभ छारी सहित संबंधित वन एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।



