टॉप न्यूज़देशधर्मधार्मिकराजस्थानलोकल न्यूज़
Trending

सम्यग्दृष्टि जीव निर्भय होता है, इसीलिए वह खोटे देव-शास्त्र-गुरु को नमस्कार नहीं करता : मुनिश्री सुप्रभ सागर

सम्यग्दृष्टि जीव निर्भय होता है, इसीलिए वह खोटे देव-शास्त्र-गुरु को नमस्कार नहीं करता : मुनिश्री सुप्रभ सागर

सम्यग्दृष्टि जीव निर्भय होता है, इसीलिए वह खोटे देव-शास्त्र-गुरु को नमस्कार नहीं करता : मुनिश्री सुप्रभ सागर

देवली(संवाददाता मुकेश कुमार जैन )। धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनिश्री सुप्रभ सागर जी महाराज ने कहा कि सम्यग्दृष्टि जीव निर्भय होता है। इसलिए वह खोटे देव, कुगुरु और कुशास्त्र को नमस्कार नहीं करता। यदि देव-शास्त्र-गुरु किसी को कुछ देने में समर्थ होते, तो संसार में कोई भी दुखी और निर्बल नहीं होता। सम्यग्दृष्टि जीव अपने कर्तव्य से विचलित नहीं होता तथा उसे सफलता-असफलता की चिंता नहीं रहती।

मुनिश्री ने कहा कि सम्यग्दृष्टि जीव सच्चे देव-शास्त्र-गुरु के प्रति अपने कर्तव्य का पालन करता है, इसलिए वह वास्तविक सुख की प्राप्ति कर पाता है। सम्यग्दृष्टि आकांक्षाओं से रहित होता है तथा इंद्रिय विषयों की याचना से भी दूर रहता है। उसके परिणाम निर्मल रहते हैं और वह सदैव शुभ एवं सम्यक् परिणामों के साथ जीवन व्यतीत करता है।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनिश्री सुप्रभ सागर जी महाराज ने कहा कि जिनेन्द्र भगवान के मुख का मात्र अवलोकन करने से पापों का क्षय नहीं होता, बल्कि भगवान के वीतराग स्वरूप के दर्शन से हमें वीतरागता का बोध होता है। भगवान का स्वरूप इतना सुंदर एवं आकर्षक है कि उसके अवलोकन के लिए सौधर्म इंद्र भी एक हजार नेत्र बनाता है। भगवान के स्वरूप का अवलोकन हमें अपने आत्मस्वरूप की पहचान कराने में सहायक बनता है।

उन्होंने कहा कि जिनेन्द्र भगवान को नमस्कार करने वाला जीव अजर-अमर पद को प्राप्त करता है। देवगण अमृत का पान कर स्वयं को अमर मानते हैं, लेकिन आयु कर्म के समाप्त होने पर उन्हें भी अन्य गति में जाना पड़ता है। वहीं जिनेन्द्र भगवान की आराधना एवं उनके वीतराग स्वरूप के अनुसरण से जीव समस्त कर्मों का क्षय कर अजर-अमर आत्मतत्व को प्राप्त कर सकता है।

मुनिश्री ने श्रद्धालुओं को संदेश देते हुए कहा कि भगवान की आराधना केवल बाहरी प्रदर्शन नहीं, बल्कि अपने भीतर के आत्मस्वरूप को पहचानने और कर्मों के क्षय का माध्यम बननी चाहिए। सच्ची श्रद्धा, सम्यक् दर्शन और निर्मल परिणामों के साथ किया गया धर्म ही आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है।

कार्यक्रम का मंगलाचरण सिंगोली मप्र से पधारे दर्श जैन ने किया। धर्मसभा में उपस्थित श्रद्धालुओं ने मुनिश्री सुप्रभ सागर जी महाराज के प्रवचनों का लाभ लेकर आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ख़बरें पढ़ें
error: Content is protected !!