
संसारी व्यक्ति अनाथ है, दूसरों का साथ छोड़कर भगवान की शरण ही मृत्यु के भय से बचा सकती है
देवली से मुकेश जैन।
देवली। विद्या वैराग्य वर्धन वर्षायोग के अंतर्गत महावीर दिगंबर जैन मंदिर में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनिश्री सुप्रभसागर जी महाराज ने कहा कि संसार के सुख क्षणभंगुर हैं। इसके बावजूद संसारी प्राणी संसार को छोड़ने के लिए तैयार नहीं होता।
मुनिश्री ने कहा कि संसारी व्यक्ति अनाथ है, फिर भी वह दूसरों को अपना नाथ बनाने का प्रयास करता है। इसी मोह और आसक्ति के कारण संसार भ्रमण जारी रहता है। जब मृत्यु निकट आती है तो कोई भी व्यक्ति उसे रोक नहीं सकता। सगे-संबंधी भी मृत्यु से नहीं बचा सकते। संसार रूपी कुएं से निकलने में भगवान ही सक्षम हैं। दीनों पर दया करने वाले भगवान की शरण ही व्यक्ति को मृत्यु के भय से बचा सकती है।
मुनिश्री वैराग्यसागर जी महाराज ने कहा कि सम्यक दृष्टि वाला व्यक्ति लौकिक रूप से गरीब या अमीर होने से प्रभावित नहीं होता। सम्यकदृष्टि जीव कर्ता नहीं बनता, बल्कि अपने कर्तव्य का निर्वाह करता है। वह कांटों से भरे मार्ग पर भी सावधानी से चलता है और अपने परिणामों को शुद्ध बनाने का पुरुषार्थ करता है।
उन्होंने कहा कि कषायों के कारण परिणामों में विकृति आती है और इन्हीं विकृतियों के कारण व्यक्ति स्वयं को दुखी करता है। कषाय के आवेग में किए गए पापों के कारण इस भव में भी दुख मिलता है और परभव में भी दुखों का सामना करना पड़ता है। इसलिए आत्मकल्याण के लिए कषायों से बचकर सम्यक परिणामों की ओर बढ़ना आवश्यक है।



