458 मंडलीय इंद्रध्वज महामंडल विधान में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
458 मंडलीय इंद्रध्वज महामंडल विधान में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

भगवान की भक्ति सौभाग्य से मिलती है, धन-दौलत और शोहरत से नहीं : आचार्य श्री सुनीलसागर जी महाराज
नेमी नगर जैन कॉलोनी, इंदौर। संवाददाता मुकेश जैन।
इंदौर। इंदौर के इतिहास में पहली बार आयोजित 458 मंडलीय इंद्रध्वज महामंडल विधान के दूसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और धर्म का अद्भुत संगम देखने को मिला। परम पूज्य ज्येष्ठाचार्य श्री 108 सुनीलसागर जी महाराज के मंगलमय सान्निध्य में श्रद्धालुओं ने भक्तिभावपूर्वक विधान में सहभागिता कर भगवान जिनेंद्र की आराधना की। इस अवसर पर आचार्यश्री ने भगवान की पूजा और भक्ति का महत्त्व समझाते हुए कहा कि भगवान जिनेंद्र की पूजा का अवसर न तो अधिकार से मिलता है, न धन-दौलत से और न ही शोहरत से, बल्कि यह सौभाग्य से प्राप्त होता है।
धर्म के प्रति रुचि जगाती है भक्ति
आचार्यश्री ने कहा कि संसार में धन-दौलत और शोहरत हासिल करने वाले अनेक लोग हैं, लेकिन भगवान की पूजा-अर्चना करने का अवसर मिलना अपने आप में सौभाग्य की बात है। हमें इस सौभाग्य का महत्त्व समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि भगवान की पूजा और भक्ति का प्रभाव इतना प्रेरणादायी होता है कि जिन बच्चों और युवाओं की धर्म में रुचि नहीं है, उन्हें भी यदि दस मिनट के लिए इस भक्तिमय वातावरण में लाया जाए, तो उनके भीतर धर्म के प्रति रुचि जागृत हो सकती है और वे धर्ममार्ग की ओर अग्रसर हो सकते हैं।
निस्वार्थ भक्ति से जीवन होता है मंगलमय
आचार्यश्री ने कहा कि भगवान की भक्ति और सेवा का प्रभाव जीवन में स्वतः दिखाई देता है। ऐसे दिव्य और प्रेरणादायी दृश्यों से समाज के अधिकाधिक लोगों को परिचित कराना चाहिए। इसके लिए जैन समाज के बाहर के बंधु-मित्रों को भी विधान में आमंत्रित करना चाहिए, ताकि वे भगवान जिनेंद्र की पूजा-पद्धति और सच्ची भक्ति के स्वरूप को समझ सकें।
उन्होंने कहा कि भगवान की भक्ति किसी सांसारिक वस्तु की मांग के लिए नहीं करनी चाहिए। जब व्यक्ति निस्वार्थ भाव से पूजा और आराधना करता है, तो जीवन में बिना मांगे ही अनेक मंगलकारी परिणाम प्राप्त होते हैं। सच्ची भक्ति आत्मकल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है और जीवन को धर्ममय बनाती है।
सायंकालीन सभा में हुआ शंकाओं का समाधान
विधान के दूसरे दिन सायंकालीन बेला में आचार्यश्री के श्रीमुख से श्रद्धालुओं की धार्मिक शंकाओं का समाधान हुआ। इसके पश्चात गुरुदेव की मंगलमय आरती संपन्न हुई। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। भक्तिमय वातावरण में सभी ने सहभागिता कर भगवान जिनेंद्र के प्रति अपनी श्रद्धा और समर्पण व्यक्त किया।




