टॉप न्यूज़देशधर्मधार्मिकमध्य प्रदेशलोकल न्यूज़
Trending

प्राकृत भाषा सत्कार समारोह में गूंजी प्राकृत की महिमा आचार्य श्री सुनीलसागर जी महाराज का 49 वां

प्राकृत भाषा सत्कार समारोह में गूंजी प्राकृत की महिमा आचार्य श्री सुनीलसागर जी महाराज का 49 वां

प्राकृत भाषा सत्कार समारोह में गूंजी प्राकृत की महिमा

आचार्य श्री सुनीलसागर जी महाराज का 49 वां अवतरण दिवस श्रद्धा एवं भक्तिभाव से मनाया

 

नेमी नगर जैन कॉलोनी, इंदौर।(संवाददाता मुकेश कुमार जैन )

प्राकृताचार्य चतुर्थ पट्टाधीश आचार्य श्री सुनीलसागर जी महाराज के 49 वें अवतरण दिवस के पावन अवसर पर नेमी नगर जैन कॉलोनी में प्राकृत भाषा सत्कार समारोह का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण के साथ हुआ। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने गुरुदेव का पादप्रक्षालन कर मंगलमय पूजन किया तथा जिनवाणी भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

गुरुदेव के अवतरण दिवस समारोह में चुलगिरी, द्रोणगिरी, पावागिरी, उदगांव, कुंजवन, अंकली (महाराष्ट्र), दिल्ली, मुंबई, तीगोडा एवं वागड़ राजस्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। पूरे परिसर में गुरु भक्ति और धर्ममय वातावरण बना रहा।

संस्कारों से संवरता है जीवन

धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्य श्री सुनीलसागर जी महाराज ने जीवन में संस्कार, ज्ञान और समय के सदुपयोग का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि जीवन शब्दों से नहीं, संस्कारों से सँवरता है। अज्ञान के अंधकार में गुरु के ज्ञान का दीपक ही प्रकाश प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि मनुष्य की आयु पल-पल घट रही है, लेकिन वह स्वयं को बड़ा समझने लगता है, इससे बड़ी विडंबना क्या होगी। हजारों वर्षों की आयु यदि किसी की होती है तो वह सौधर्म इंद्र की होती है, वह भी एक दिन पूर्ण हो जाती है। इसलिए मनुष्य को प्राप्त दुर्लभ मानव जीवन का सदुपयोग धर्म, ध्यान और आत्मकल्याण में करना चाहिए।

आचार्य श्री ने कहा कि जिनके प्रत्येक श्वास में उपकार की भावना प्रवाहित होती है, ऐसे तपस्वी संतों के चरणों में श्रद्धा से मस्तक झुकाना चाहिए।

13.5 फीट की विशाल पुस्तक सहित कई ग्रंथों का विमोचन

समारोह में 13.5 फीट की विशाल पुस्तक सहित ‘तिथि दर्पण’ का विमोचन किया गया। इसके साथ ही आचार्य श्री सुनीलसागर जी महाराज द्वारा रचित ग्रंथ ‘अज्झपसारो’ एवं ‘अंकलीकर पाठावली’ का भी विमोचन हुआ।

डाक विभाग द्वारा प्रकाशित डाक टिकट एवं विशेष फोल्डर का लोकार्पण भी समारोह में किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय समारोह में पहुंचे और आचार्य श्री के चरणों में शुभकामनाएं अर्पित कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।

संतों ने निभाई परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका : विजयवर्गीय

कैबिनेट मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि देश में जब भी कोई बड़ा परिवर्तन हुआ है, उसमें संतों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने ब्राह्मी लिपि का उल्लेख करते हुए कहा कि आचार्य श्री सुनीलसागर जी महाराज ने इसे जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया है और यह प्रयास निश्चित रूप से अपना उचित स्थान प्राप्त करेगा।

उन्होंने कहा कि आचार्य श्री का जन्म जगत के कल्याण के लिए हुआ है और उनका व्यक्तित्व अद्वितीय है। इंदौरवासियों को इस वर्ष आचार्य श्री का चातुर्मास प्राप्त होना सभी के लिए सौभाग्य की बात है।

प्राकृत से प्रकृति मुस्कुराती है’

आचार्य श्री सुनीलसागर जी महाराज ने प्राकृत भाषा की विशेषता बताते हुए कहा, “प्राकृत से प्रकृति मुस्कुराती है, संस्कृत से संस्कृति हर्षाती है। अपभ्रंश, मराठी और गुजराती से होते हुए हिंदी सारी दुनिया पर छा जाती है।”

उन्होंने कहा कि प्रकृति जैसी सरल एवं सहज भाषाओं को सीखना चाहिए और उन्हें निस्वार्थ भाव से जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए। प्राकृतिक जीवन जीने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि जब भी मुख से शब्द निकले तो ‘इंडिया’ नहीं, ‘भारत’ बोलें।

विशेष प्रस्तुति और आरती ने बांधा समां

समारोह में राजा-रेंचो द्वारा विशेष प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। अंत में भक्तिमय वातावरण में आरती संपन्न हुई।

 

पूरे समारोह में आचार्य श्री सुनीलसागर जी महाराज के 49 वें अवतरण दिवस की श्रद्धा, प्राकृत भाषा के प्रति सम्मान और गुरु भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने गुरुदेव के चरणों में नमन कर उनके दीर्घ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ख़बरें पढ़ें
error: Content is protected !!