SP शहडोल का सोहागपुर क्षेत्र में औचक निरीक्षण, झीरसागर में मिला अवैध रेत का भंडारण


शहडोल। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल ने थाना सोहागपुर क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया।
पुलिस अधीक्षक ने थाना सोहागपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम नरवार, बिजौरी और झीरसागर के संभावित रेत उत्खनन क्षेत्रों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं पैदल गश्त कर भौगोलिक स्थिति और जमीनी हकीकत का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मौके पर किसी भी प्रकार का सक्रिय अवैध रेत उत्खनन होते हुए नहीं पाया गया। हालांकि, झीरसागर के समीप काफी मात्रा में रेत का अवैध भंडारण (डंप) मिला। इस भंडारित रेत पर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही के लिए खनिज (माइनिंग) विभाग को पत्राचार किया गया है।
गौरतलब है कि पूर्व में कुछ समाचार पत्रों में वन क्षेत्र में अवैध खनन संचालित होने की खबरें प्रकाशित हुई थीं। इन सूचनाओं की तस्दीक के लिए एसपी द्वारा वन क्षेत्र का भी सघन निरीक्षण किया गया। साथ ही पूर्व में वन कर्मियों से हुए विवाद के घटनास्थल का भी निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शहडोल पुलिस अवैध गतिविधियों के विरुद्ध पूरी तरह सतर्क है और जिले में अवैध खनन व परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए इसी प्रकार की औचक चेकिंग और गश्त लगातार जारी रहेगी।
निरीक्षण के दौरान डीएसपी मुख्यालय मोहन दुबे, थाना प्रभारी सोहागपुर निरीक्षक रामायण प्रसाद रावत, रक्षित निरीक्षक अक्टूबर सिंह सहित सोहागपुर थाने का पुलिस बल उपस्थित रहा।




