थाना बिजुरी पुलिस की अवैध रेत परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 5.05 लाख का ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त

रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका
अनूपपुर / बिजुरी। जिले में अवैध खनन और रेत के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बिजुरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध रेत से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जप्त कर आरोपी के विरुद्ध मामला दर्ज किया है। जप्त मशरूके की कुल कीमत लगभग 5 लाख 5 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री विक्रांत मुराब के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी श्रीमती आरती शाक्य के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार दिनांक 14-15 सितंबर की दरमियानी रात थाना बिजुरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बिना वैध अनुमति के रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने कोठी गैस एजेंसी के पास, कोठी से पकरिहा मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान एक नीले रंग के ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर चेक किया गया, जिसमें अवैध रेत लदी हुई पाई गई।
मौके पर चालक ने अपना नाम ओम कुशवाहा पिता नरेश प्रसाद कुशवाहा, उम्र 21 वर्ष, निवासी कोठी, थाना बिजुरी बताया। पूछताछ में वह रेत परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या रायल्टी पर्ची प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने गवाहों के समक्ष ट्रैक्टर-ट्रॉली मय रेत को जप्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया है।
आरोपी के विरुद्ध थाना बिजुरी में धारा 303(2), 317(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS), धारा 4/21 खान एवं खनिज अधिनियम तथा धारा 130/177(3) मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकास सिंह, सउनि प्रदीप अग्निहोत्री, आरक्षक क्र. 304 रवि सिंह, आरक्षक क्र. 389 मनोज उपाध्याय तथा आरक्षक क्र. 349 रामनिवास गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही।




