E-Paperटॉप न्यूज़धर्मधार्मिकमध्य प्रदेशलोकल न्यूज़

धन्य तेरस का वास्तविक संदेश त्याग, करुणा और आत्मकल्याण से जुड़ा है : आचार्य श्री सुनीलसागरजी महाराज

धन्य तेरस का वास्तविक संदेश त्याग, करुणा और आत्मकल्याण से जुड़ा है : आचार्य श्री सुनीलसागरजी महाराज

भगवान महावीर स्वामी के जीवन चरित्र पर आधारित त्रिदिवसीय ‘वीर कथा’ का भव्य आयोजन

धन्य तेरस का वास्तविक संदेश त्याग, करुणा और आत्मकल्याण से जुड़ा है : आचार्य श्री सुनीलसागरजी महाराज

नेमी नगर जैन कॉलोनी, इंदौर। (संवाददाता मुकेश कुमार जैन)।

भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण महोत्सव के पावन अवसर पर परम पूज्य आचार्य श्री 108 सुनीलसागरजी गुरुदेव के पावन सानिध्य में 7 से 9 नवंबर तक भगवान महावीर स्वामी के जीवन चरित्र, आदर्शों एवं सिद्धांतों पर आधारित त्रिदिवसीय ‘वीर कथा’ का भव्य आयोजन किया गया। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान महावीर के त्याग, तप, अहिंसा, करुणा एवं वीतरागता के आदर्शों से परिचित कराया जा रहा है।

कथा के दौरान आचार्य श्री ने धनतेरस के वास्तविक आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिन केवल धन अर्जित करने का अवसर नहीं, बल्कि भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक की स्मृति में मनाया जाने वाला धन्य तेरस का पावन पर्व है। उन्होंने कहा कि लक्ष्मी के पीछे भागने वाले तो संसार में अनेक हैं, लेकिन वास्तविक लक्ष्मीपति तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी जैसे विरले ही होते हैं।

गुरुदेव ने प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि दुनिया में धन बढ़े या न बढ़े, लेकिन प्रत्येक व्यक्ति के मन में ऐसी भावना अवश्य होनी चाहिए कि संसार में कोई भी व्यक्ति रोटी के लिए तरसे नहीं। आज धन्य तेरस को केवल धन की तेरस तक सीमित कर दिया गया है, जबकि इसका वास्तविक संदेश त्याग, करुणा और आत्मकल्याण से जुड़ा हुआ है।

भगवान महावीर स्वामी के वैराग्य एवं वीतरागता का वर्णन करते हुए गुरुदेव ने कहा कि संसार की भौतिक संपदा और लक्ष्मी भी तीर्थंकर की आध्यात्मिक ऊंचाई को स्पर्श नहीं कर सकती। समवशरण में स्वर्ण सिंहासन पर विराजमान होने के बावजूद भगवान की वीतरागता, निर्मलता और आत्मिक महानता सर्वोपरि रहती है।

उन्होंने कहा कि जैन धर्म की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह प्रत्येक जीव को भगवान बनने का मार्ग दिखाता है। यहां किसी की जाति अथवा सामाजिक स्थिति का महत्व नहीं, बल्कि उसके निर्मल भाव, पुरुषार्थ और आत्मशुद्धि का महत्व है। भील जैसे साधारण व्यक्ति को भी भगवान बनने का मार्ग दिखाने वाला जैन धर्म आत्मकल्याण की अनुपम परंपरा का परिचायक है।

त्रिदिवसीय ‘वीर कथा’ के माध्यम से श्रद्धालु भगवान महावीर स्वामी के जीवन चरित्र एवं उनके दिव्य उपदेशों को आत्मसात कर रहे हैं। यह आयोजन केवल कथा श्रवण का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन में अहिंसा, अपरिग्रह, करुणा, त्याग और आत्मशुद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ने की आध्यात्मिक प्रेरणा भी प्रदान कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ख़बरें पढ़ें
error: Content is protected !!