टॉप न्यूज़देशधर्मधार्मिकराजस्थान

भगवान के नाम का उच्चारण वाणी को बनाता है शुद्ध, जिनवाणी से मिलता है आत्मकल्याण का मार्ग : मुनिश्री सुप्रभ सागर

भगवान के नाम का उच्चारण वाणी को बनाता है शुद्ध, जिनवाणी से मिलता है आत्मकल्याण का मार्ग : मुनिश्री सुप्रभ सागर

भगवान के नाम का उच्चारण वाणी को बनाता है शुद्ध, जिनवाणी से मिलता है आत्मकल्याण का मार्ग : मुनिश्री सुप्रभ सागर

देवली से मुकेश जैन।

देवली। स्थानीय महावीर जिनालय में धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनिश्री सुप्रभ सागर जी महाराज ने कहा कि भगवान के नाम का उच्चारण करने से हमारी वाणी शुद्ध होती है और पापों की निर्जरा का मार्ग प्रशस्त होता है। भगवान की भक्ति केवल संसार के सुखों की प्राप्ति के लिए नहीं, बल्कि आत्मकल्याण और आत्मशुद्धि के उद्देश्य से करनी चाहिए।

मुनिश्री ने कहा कि भगवान जिनेंद्र के अभिषेक एवं पूजन के बाद जो गंधोदक प्राप्त होता है, वह श्रद्धा और पवित्रता का प्रतीक है। जिस प्रकार गंधोदक का श्रद्धापूर्वक उपयोग करने से मन में पवित्र भाव जागृत होते हैं, उसी प्रकार हमें भी धर्म के प्रति सच्ची श्रद्धा रखते हुए अपने जीवन को निर्मल बनाना चाहिए। उन्होंने श्रीपाल-मैना सुंदरी के प्रसंग का उल्लेख करते हुए धर्म की महिमा और श्रद्धा के महत्व को समझाया।

परिवार और समाज की मर्यादा बनाए रखना आवश्यक

धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनिश्री वैराग्य सागर जी महाराज ने कहा कि आज परिवारों में छोटी-छोटी बातों को लेकर लड़ाई-झगड़े और आपसी मनमुटाव बढ़ते जा रहे हैं। इसका परिणाम यह है कि पढ़े-लिखे होने के बावजूद लोगों के बीच संबंधों में कटुता और विघटन देखने को मिल रहा है।

महाराजश्री ने कहा कि पहले लोग परिवार, समाज और संबंधों की मर्यादा का विशेष ध्यान रखते थे, लेकिन आज कई बार लोग इन मर्यादाओं को तोड़कर गलत कदम उठा लेते हैं, जिसके कारण अंततः उन्हें दुख और पछतावे का सामना करना पड़ता है। प्रत्येक व्यक्ति को चाहिए कि वह आपसी संबंधों में प्रेम, विश्वास, सहनशीलता और सम्मान बनाए रखे।

उन्होंने कहा कि परिवार की एकता और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए संवाद, संयम और विवेक आवश्यक हैं। छोटी-छोटी बातों को अहंकार का विषय बनाने के बजाय समझदारी से उनका समाधान करना चाहिए। धर्म हमें केवल पूजा-पाठ ही नहीं सिखाता, बल्कि जीवन में सदाचार, विनम्रता और पारिवारिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा भी देता है।

धर्मसभा में श्रद्धालुओं को धार्मिक जीवन के साथ-साथ पारिवारिक एवं सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और आपसी प्रेम व सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ख़बरें पढ़ें
error: Content is protected !!