शासकीय प्राथमिक/पूर्व माध्यमिक शाला बैहागुंडरु में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस
सक्ती जैजैपुर प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला बैहागुंडरु में शिक्षक दिवस बड़े ही उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। बच्चों ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएँ दीं और उनके मार्गदर्शन के लिए आभार प्रकट किया। विद्यालय को रंग-बिरंगे गुब्बारों एवं आकर्षक सजावट से सजाया गया था। शिक्षक दिवस की खुशी में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने मिलकर केक काटा तथा एक-दूसरे को शुभकामनाएँ दीं।
शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी जगाते हैं। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जीवन सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में बच्चों का उत्साह और शिक्षकों के प्रति उनका प्रेम देखते ही बन रहा था। विद्यालय परिवार की सहभागिता से पूरा आयोजन आत्मीय, प्रेरणादायक एवं यादगार बन गया। अंत में सभी ने शिक्षा के माध्यम से बच्चों का उज्ज्वल भविष्य बनाने का संकल्प लिया।



