कोतमा पुलिस ने किया 24 घंटे के अंदर अंधी हत्या का में खुलासा, जमीनी विवाद बना हत्या का कारण,आरोपी कुल्हाड़ी सहित गिरफ्तार


रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका
अनूपपुर/कोतमा। कोतमा पुलिस ने ग्राम गोडारू के जंगल में हुई अधेड़ की अंधी हत्या का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
घटना इस प्रकार है –
दिनांक 03.09.2026 को डायल 112 कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि ग्राम गोडारू के जंगल में एक अधेड़ उम्र के व्यक्ति का शव पड़ा है, जिसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कोतमा निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।
मृतक की पहचान स्वामी सिंह गोंड, उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम गोडारू के रूप में हुई। अज्ञात आरोपी ने धारदार हथियार से उसके सिर व चेहरे पर प्राणघातक हमला कर हत्या कर दी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री विक्रांत मुराब ने इसे अत्यंत गंभीरता से लेते हुए शीघ्र पतासाजी और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। उनके निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगनाथ मरकाम एवं एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतमा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने ग्राम गोडारू में रात भर कैम्प कर ग्रामीणों से पूछताछ और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच में सामने आया कि गांव के ही श्यामसुंदर महरा पिता रामप्रसाद महरा का मृतक के साथ जमीन के विवाद और मृतक की पत्नी को लेकर शंका के चलते 2-3 बार विवाद हो चुका था।
इसी आधार पर पुलिस ने संदेही की तलाश शुरू की तो वह घर से फरार मिला। मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने आरोपी को ग्राम गोडारू के जंगल से घेराबंदी कर पकड़ा।
आरोपी ने जुर्म कबूला –
कड़ाई से पूछताछ में आरोपी श्यामसुंदर महरा, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम गोडारू ने बताया कि दिनांक 03.09.2026 को दोपहर 12 से 01 बजे के बीच उसका मृतक स्वामी सिंह गोंड से विवाद हुआ था, जिस पर आवेश में आकर उसने कुल्हाड़ी से उसके चेहरे और सिर पर वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने कुल्हाड़ी और खून के छींटे लगे कपड़े अपने घर में छिपा दिए थे, जिन्हें पुलिस ने जप्त कर लिया है।
आरोपी को दिनांक 04.09.2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक रत्नाम्बर शुक्ल के साथ सउनि सुखीनंद यादव, प्र.आर. रामखेलावन यादव, प्र.आर. दिनेश राठौर, आरक्षक अभय त्रिपाठी, आरक्षक महेश साहू, आरक्षक इस्तयाक खान, आरक्षक चालक अनिल मरावी एवं सायबर सेल से प्र.आर. राजेन्द्र अहिरवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




