शहडोल पुलिस की तत्परता से बड़ी सफलता, दो नाबालिग को किया सकुशल दस्तयाब
जयसिंहनगर एवं गोहपारू पुलिस की त्वरित कार्रवाई, परिजनों को सौंपे गए बच्चे


रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका
शहडोल। पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जिले में गुमशुदा एवं अपहृत नाबालिगों की शीघ्र तलाश हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जयसिंहनगर एवं थाना गोहपारू पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए दो नाबालिगों को सकुशल दस्तयाब कर परिजनों को सौंपा है।
प्रकरण 1: थाना जयसिंहनगर – 17 वर्षीय नाबालिग बालिका दस्तयाब
दिनांक 05.07.2026 को थाना जयसिंहनगर में फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री दिनांक 03.07.2026 को घर से बिना बताए कहीं चली गई है। परिजनों द्वारा आसपास एवं रिश्तेदारों में तलाश करने पर भी कोई पता नहीं चला। फरियादी ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका व्यक्त की।
रिपोर्ट पर थाना जयसिंहनगर में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी एवं संभावित स्थानों पर दबिश देते हुए अपहृता बालिका को वार्ड क्रमांक 10, थाना जयसिंहनगर क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब किया गया। वैधानिक कार्रवाई पूर्ण कर बालिका को परिजनों के सुपुर्द किया गया।
उक्त कार्यवाही मे थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार के नेतृत्व में उप निरीक्षक प्रमोद कुमार अहिरवार, सहायक उप निरीक्षक सौमेश कुमार, आरक्षक नीरज शुक्ला एवं महिला आरक्षक खुशबू लोधी की महत्वपूर्ण सराहनीय भूमिका रही।
प्रकरण 2: थाना गोहपारू – 15 वर्षीय नाबालिग बालक दस्तयाब
इसी प्रकार थाना गोहपारू क्षेत्र में दिनांक 05.07.2026 को फरियादी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका 15 वर्षीय नाबालिग पुत्र घर से बिना बताए चला गया है। काफी तलाश के बाद भी पता नहीं चलने पर परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई।
प्रकरण पंजीबद्ध कर पुलिस ने तलाश शुरू की। पुलिस की सक्रियता के परिणामस्वरूप दिनांक 16.08.2026 को उक्त नाबालिग बालक को बस स्टैंड, थाना गोहपारू क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब किया गया। वैधानिक कार्रवाई पश्चात बालक को परिजनों को सौंप दिया गया।
उक्त कार्यवाही मे थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार मिश्रा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक रमानंद तिवारी की महत्वपूर्ण सराहनीय भूमिका रही।




