थाना कोतवाली शहडोल पुलिस को बड़ी सफलता, दो चोरी के मामलों का किया खुलासा
आरोपी गिरफ्तार, डेढ़ लाख के सोने-चाँदी के जेवरात व नगदी बरामद


रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका
शहडोल। थाना कोतवाली शहडोल पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चाँदी के जेवरात एवं नगदी सहित कुल करीब 1 लाख 50 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक शहडोल डॉ. संजय कुमार अग्रवाल द्वारा जिले में हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए थाना कोतवाली पुलिस को अज्ञात आरोपियों की शीघ्र पतासाजी, गिरफ्तारी और मशरूका बरामदगी के निर्देश दिए गए थे।
इसी तारतम्य में थाना कोतवाली में दर्ज दो पृथक-पृथक अपराध क्रमांक 510/26 एवं 380/26 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के मामलों में पुलिस लगातार पतासाजी कर रही थी।
इसी दौरान दिनांक 15.10.2026 को मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी आदि उर्फ आदर्श यादव पिता शनि उर्फ बिल्ली यादव, उम्र 19 वर्ष, निवासी घरौला मोहल्ला, शहडोल को अभिरक्षा में लिया। सघन पूछताछ में आरोपी ने दोनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक प्रकरण में चोरी गए सोने-चाँदी के जेवर एवं नगदी रकम कुल अनुमानित कीमत करीब 1,50,000/- रुपये बरामद कर जप्त कर ली है। दूसरे प्रकरण में चोरी गया मशरूका बरामद किया जाना शेष है, जिस पर कार्यवाही जारी है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
उक्त कार्यवाही थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राजकुमार मिश्रा के निर्देशन में उप निरीक्षक उपेन्द्र त्रिपाठी, सउनि लालदास अहिरवार, प्र.आर. संजय सोनकर, प्र.आर. लक्ष्मी पटेल, प्र.आर. राजीव, प्र.आर. मायाराम अहिरवार, प्र.आर. गिरीश मिश्रा, प्र.आर. सिद्धार्थ रैकवार एवं आर. निर्मल मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




