पचपेड़ी तहसील में शासकीय भूमि पर कब्जे का खेल पताईडीह में सरकारी जमीन पर चल रहा प्राइवेट G.A.D स्कूल
मस्तूरी/पचपेड़ी (बिलासपुर)। जनपद पंचायत मस्तूरी अंतर्गत आने वाली पचपेड़ी तहसील के ग्राम पंचायत पताईडीह में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। पताईडीह से जैतपुरी जाने वाली मुख्य सड़क से कुछ ही दूरी पर बेशकीमती सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर जी.ए.डी. (G.A.D.) नाम से निजी स्कूल का संचालन किया जा रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस अवैध कब्जे से छत्तीसगढ़ शासन और राजस्व विभाग को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं स्कूल संचालक प्रति छात्र-छात्रा से सालाना 6 हजार रुपये से अधिक फीस वसूल कर लाखों की मोटी कमाई कर रहा है। बताया जा रहा है कि यह अवैध स्कूल पिछले 6 वर्षों से इसी सरकारी जमीन पर संचालित हो रहा है।
इस पूरे मामले में पंचायत की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले में जब सरपंच मीन काठरे से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि पूर्व सरपंच द्वारा ही यह सरकारी जमीन कब्जा कराकर स्कूल संचालक को दी गई थी जिसमें होने वाली कमाई का आधा हिस्सा पूर्व सरपंच को भी मिलता रहा है। इस जमीन का व्यावसायिक उपयोग कर कब्जाधारी अपनी जेब भर रहा है।
इतने वर्षों से खुलेआम चल रहे इस खेल के बावजूद पचपेड़ी तहसील और राजस्व विभाग के अधिकारी व प्रशासन के अफसर मूकदर्शक बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि तहसील कार्यालय के अफसरों की मिलीभगत के चलते ही क्षेत्र में शासकीय जमीन पर कब्जा करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने अब इस मामले से बिलासपुर कलेक्टर को अवगत कराकर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।



