चौपाटी तालाब हादसा: कलेक्टर-एसपी ने मृतकों के परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस
मृतकों के परिजनों को 25-25 हजार की तत्काल सहायता दी


रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका
शहडोल। 9 नवम्बर को शहडोल के चौपाटी तालाब में डूबने से 3 युवाओं की मौत के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। कलेक्टर श्री पार्थ जायसवाल एवं पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार अग्रवाल ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
अधिकारियों ने शोकाकुल परिवारों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में जिला प्रशासन उनके साथ खड़ा है तथा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
रेडक्रास से 25-25 हजार के चेक सौंपे
कलेक्टर ने रेडक्रास सोसायटी की ओर से तीनों मृतकों के परिवारों को 25-25 हजार रुपये की तत्कालिक सहायता राशि के चेक सौंपे। इसके साथ ही अनुसूचित जाति विभाग द्वारा संकटापन्न परिवारों को 10 से 18 हजार रुपये तक की सहायता राशि भी स्वीकृत की गई है।
कलेक्टर ने पीड़ित परिवारों को शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित कराने तथा उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।
तीन दिन में जांच रिपोर्ट के निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने दुर्घटना की जांच के लिए अपर कलेक्टर श्री संरोधन सिंह की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की है। समिति में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं सिविल सर्जन को सदस्य बनाया गया है।
कलेक्टर ने समिति को घटना के सभी पहलुओं की जांच कर तीन दिवस के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जिला चिकित्सालय की मर्चुरी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों मृतकों के पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के साथ रवाना किए गए।
साथ मे अपर कलेक्टर श्री सरोधन सिंह, एसडीएम सोहागपुर श्रीमती अमृता गर्ग, एसडीओपी धनपुरी श्री विकास पाण्डेय, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश मिश्रा तथा तहसीलदार सोहागपुर श्री दीपक पटेल उपस्थित रहे।




