कहीं भी रहें, लेकिन जिनेंद्र भक्ति में लीन रहें : आचार्य श्री सुनीलसागर जी
कहीं भी रहें, लेकिन जिनेंद्र भक्ति में लीन रहें : आचार्य श्री सुनीलसागर जी

कहीं भी रहें, लेकिन जिनेंद्र भक्ति में लीन रहें : आचार्य श्री सुनीलसागर जी
इंद्रध्वज महामंडल विधान में उमड़ रही श्रद्धा, दूर-दूर से पहुंच रहे श्रावक-श्राविकाएं; इंदौर में 25 से 29 नवंबर तक पंचकल्याणक महामहोत्सव होने की संभावना
नेमी नगर जैन कॉलोनी, इंदौर। संवाददाता मुकेश जैन।
इंदौर। परम पूज्य ज्येष्ठाचार्य श्री 108 सुनीलसागर जी महाराज ने मंगल प्रवचन में जिनेंद्र भगवान की भक्ति का महत्व बताते हुए कहा कि मनुष्य जंगल में रहे या बस्ती में, लहरों में रहे या कश्ती में, परिस्थितियां अनुकूल हों या प्रतिकूल, लेकिन उसका जीवन भगवान जिनेंद्र की भक्ति से जुड़ा रहना चाहिए। भक्ति के लिए स्थान और परिस्थितियां नहीं, बल्कि सच्ची श्रद्धा, आस्था और समर्पण आवश्यक हैं।
विपरीत परिस्थितियों में भी नहीं छूटे धर्म का मार्ग
गुरुदेव ने विभिन्न धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से समझाया कि राम-सीता ने वन में रहते हुए भी भक्ति की, श्रीपाल ने समुद्र की लहरों के बीच भी धर्म का मार्ग नहीं छोड़ा। इसी प्रकार अंजन चोर ने भी भक्ति की, चंदना ने जेल में रहते हुए आराधना की और सुदर्शन ने सूली पर भी धर्म के प्रति अपनी आस्था बनाए रखी। ये प्रसंग संदेश देते हैं कि सच्ची श्रद्धा रखने वाले व्यक्ति के लिए विपरीत परिस्थितियां भी भक्ति के मार्ग में बाधा नहीं बन सकतीं।
धर्माराधना का प्रत्यक्ष अनुभव ही वास्तविक आनंद
आचार्य श्री ने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हमें धर्म, साधना और भक्ति के लिए अनुकूल वातावरण मिला है। सम्मेद शिखरजी के पावन वातावरण का आनंद केवल तस्वीरें देखकर प्राप्त नहीं किया जा सकता। गिरनार की ऊंची-ऊंची चोटियों पर चढ़ने का अनुभव केवल टीवी पर देखकर नहीं लिया जा सकता। इसी प्रकार मंदिरों में होने वाली पूजा, विधान और सामूहिक भक्ति का वास्तविक आनंद भी प्रत्यक्ष रूप से सहभागी बनने पर ही प्राप्त होता है।
इंद्रध्वज महामंडल विधान में उमड़ रही श्रद्धा
इन दिनों इंदौर की पावन धरा पर आचार्य श्री सुनीलसागर जी महाराज के मंगल सान्निध्य में 11 दिवसीय इंद्रध्वज महामंडल विधान का भव्य आयोजन चल रहा है। विधान में दूर-दूर से श्रावक-श्राविकाएं पहुंचकर श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ धर्माराधना कर रहे हैं। उज्जैन, देवास सहित विभिन्न क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का आगमन हो रहा है। सामूहिक पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठानों और जिनेंद्र भगवान की आराधना से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
नवंबर में पंचकल्याणक महामहोत्सव की संभावना
इंदौर में आगामी 25 से 29 नवंबर तक पंचकल्याणक महामहोत्सव आयोजित होने की संभावना भी जताई जा रही है। इस संभावित आयोजन को लेकर जैन समाज में उत्सुकता बनी हुई है। पंचकल्याणक महोत्सव की तिथियों एवं आयोजन संबंधी आधिकारिक पुष्टि होने पर विस्तृत जानकारी सामने आएगी।



