टॉप न्यूज़मध्य प्रदेशलोकल न्यूज़

टूटी सड़कें, गड्ढों में जलभराव, बजबजाती नालियां और अंधेरे वार्ड… फिर भी विकास की प्राथमिकता पर बड़ा सवाल

मॉडल रोड की चमक के पीछे वार्डों की बदहाली!

 

रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका

धनपुरी/शहडोल । चुनावी वर्ष की दस्तक के साथ धनपुरी में विकास के दावों और जमीन पर दिखाई दे रही तस्वीर के बीच अंतर को लेकर सवाल उठने लगे हैं। एक ओर नगरपालिका मॉडल रोड और सौंदर्यीकरण की दिशा में आगे बढ़ रही है, दूसरी ओर नगर के अनेक वार्ड आज भी सड़क, नाली, जलभराव, स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रहे हैं। ऐसे में सवाल सीधा है — जब वार्डों की बुनियादी जरूरतें पूरी नहीं हुईं तो विकास की प्राथमिकता मॉडल रोड क्यों?

वार्डों की सड़कें पूछ रहीं — हमारा नंबर कब आएगा?

राहुल गांधी एकता संगठन के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव रामसिंह ने नगरपालिका के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर वार्डों की समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कई वार्डों में सड़कें टूट चुकी हैं, जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं और बारिश का पानी इन्हीं गड्ढों में जमा होकर राहगीरों के लिए खतरा बन रहा है।

पाइपलाइन विस्तार के लिए खोदी गई सड़कों की स्थिति ने परेशानी और बढ़ा दी है। उनका आरोप है कि गड्ढों और अव्यवस्थित रास्तों के कारण लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों की नजर इन समस्याओं पर नहीं पड़ रही है।

कर बढ़े, सुविधाएं कहां बढ़ीं?

रामसिंह ने जलकर और संपत्ति कर में वृद्धि पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि नागरिकों से कर वसूली बढ़ रही है, लेकिन सड़क, नाली, प्रकाश और सफाई जैसी सुविधाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता के हित में परिषद में प्रभावी आवाज उठानी चाहिए थी।

नोटिस से विकास या लोगों में दहशत?

मॉडल रोड के लिए जारी किए जा रहे नोटिसों को लेकर भी रामसिंह ने सवाल उठाए। उनका कहना है कि विकास कार्य का विरोध नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर प्रभावित लोगों के बीच भय का माहौल बनाना उचित नहीं है।

उन्होंने कहा कि पहले प्रभावित परिवारों और दुकानदारों को स्पष्ट जानकारी, व्यवस्था और उनकी स्थिति को लेकर समाधान दिया जाना चाहिए। बार-बार नोटिस जारी करने से लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।

ज्वालामुखी मार्ग से वार्ड 17, 18 और 23 तक सवाल ही सवाल

रामसिंह ने नगरपालिका के समीप से मां ज्वालामुखी मार्ग की बदहाल स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि वार्ड नंबर 17, 18 और 23 सहित कई क्षेत्रों में सड़कें गड्ढों और जलभराव से जूझ रही हैं। नालियों की सफाई नहीं होने से गंदगी और दुर्गंध की स्थिति है। कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात में अंधेरा पसरा रहता है और खाली जगहों पर गाजर घास उगी हुई है।

उन्होंने कहा कि जिस शहर के वार्डों में नागरिक मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हों, वहां सिर्फ मुख्य मार्ग के सौंदर्यीकरण को विकास का पैमाना नहीं बनाया जा सकता।

जनप्रतिनिधियों की असली परीक्षा वार्ड में

रामसिंह ने कहा कि पार्षदों को अपने वार्ड की जनता ने समस्याओं को नगरपालिका तक पहुंचाने और समाधान कराने के लिए चुना है। यदि सड़क, नाली, प्रकाश, जलभराव और सफाई जैसी समस्याएं लगातार बनी रहें तो जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि चुनावी वर्ष में जनता अब दावों से ज्यादा अपने वार्ड की जमीन पर हुए काम को देखेगी। मॉडल रोड बने, शहर सुंदर हो — इसका स्वागत है, लेकिन विकास की शुरुआत वहां से भी होनी चाहिए जहां नागरिक आज टूटी सड़क, गंदगी, जलभराव और अंधेरे के बीच रहने को मजबूर हैं।

रामसिंह ने नगरपालिका से मांग की कि प्रत्येक वार्ड की समस्याओं का सर्वे कराकर प्राथमिकता तय की जाए और समयसीमा में समाधान कराया जाए। उनका कहना है कि धनपुरी का वास्तविक विकास मॉडल रोड की चमक से नहीं, बल्कि हर वार्ड में नागरिकों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं से दिखाई देगा।

राम सिंह, राष्ट्रीय संयुक्त सचिव, राहुल गांधी एकता संगठन भारत

धनपुरी, शहडोल

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
ख़बरें पढ़ें
error: Content is protected !!