Welcome to Jansarovar Prime   Click to listen highlighted text! Welcome to Jansarovar Prime
मध्य प्रदेश

जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न, आगामी त्यौहारों पर शांति व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

 

रिपोर्टर :- जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल(म. प्र.)
जन सरोवर प्राइम पत्रिका

अनूपपुर। कलेक्टर श्री रत्नाकर झा की अध्यक्षता में आगामी त्यौहारों के दौरान जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित नर्मदा सभागार में सम्पन्न हुई।

बैठक में आगामी रक्षाबंधन, कजलिया, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, हरितालिका तीज, गणेश चतुर्थी, मिलाद-उन-नबी एवं गणेश विसर्जन के अवसर पर की जाने वाली व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

कलेक्टर श्री झा ने शांति समिति के सदस्यों से आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में सुझाव लिए और कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। सदस्यों के सुझावों के आधार पर भी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने सभी से जिले की गौरवशाली एवं सौहार्दपूर्ण परम्परा के अनुरूप आपसी सद्भाव, भाईचारे एवं शांतिपूर्ण ढंग से त्यौहार मनाने की अपील की।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पर्वों के दौरान साफ-सफाई, कानून एवं शांति व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, यातायात, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मिलाद-उन-नबी जुलूस के लिए विशेष निर्देश
मिलाद-उन-नबी के संबंध में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जुलूस के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। जुलूस के दौरान यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुव्यवस्थित रखी जाए। अनूपपुर नगर में मस्जिद के समीप कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए, जो थाना प्रभारी के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।

रक्षाबंधन, तीज पर तालाबों पर सुरक्षा
रक्षाबंधन, कजलिया एवं हरितालिका तीज पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत तालाबों का चिन्हांकन कर पहुंच मार्गों को सुगम बनाने के निर्देश दिए गए। अप्रिय घटना की रोकथाम के लिए तालाबों के समीप होमगार्ड बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही रक्षाबंधन पर्व पर खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग एवं गुणवत्ता जांच के लिए अधिकारियों को कार्रवाई करने को कहा गया।

आवारा पशुओं के प्रबंधन के निर्देश
वर्षाकाल के दौरान सड़कों पर आवारा पशुओं के बैठने से यातायात बाधित होने एवं दुर्घटनाओं की संभावना को देखते हुए सभी नगरीय निकायों के सीएमओ को आवारा पशुओं के सुरक्षित प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। सड़क पर बैठे पशुओं को सुरक्षित रूप से हटाकर निकटवर्ती गौशालाओं में पहुंचाने की व्यवस्था करने को कहा गया।

जन्माष्टमी और गणेश उत्सव की तैयारी
बैठक में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आयोजित होने वाले स्थानीय कार्यक्रमों एवं मटकी फोड़ प्रतियोगिताओं पर भी चर्चा हुई। अनूपपुर शहर में मुख्य कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुव्यवस्थित रखने के लिए थाना प्रभारी अनूपपुर एवं जिला यातायात प्रभारी को निर्देश दिए गए।

गणेश चतुर्थी एवं गणेश विसर्जन को लेकर कलेक्टर ने कहा कि गणेश उत्सव समितियां पंडालों में अस्थायी विद्युत कनेक्शन प्राप्त करने के बाद ही विद्युत का उपयोग करें। ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में उच्चतम न्यायालय के निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। साउंड सिस्टम के उपयोग के लिए संबंधित एसडीएम से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

उन्होंने गणेश विसर्जन के लिए बनाए गए विसर्जन कुंडों का संबंधित एसडीएम द्वारा स्वयं निरीक्षण कर सभी प्रबंध समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में सभी त्यौहारों को आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा शांति व्यवस्था के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया गया।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती अर्चना कुमारी, वनमंडलाधिकारी श्री डेविड व्यंकटराव चनाप, अपर कलेक्टर श्री बलवीर रमन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम, सभी एसडीएम, एसडीओपी, नगरीय निकायों के सीएमओ, जिला स्तरीय शांति समिति के सदस्यगण एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!