चंबल क्षेत्र में 2 साल से दहशत फैलाने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश; 3 शातिर आरोपी गिरफ्तार, 26 लाख का मशरूका बरामद

चंबल क्षेत्र में 2 साल से दहशत फैलाने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश; 3 शातिर आरोपी गिरफ्तार, 26 लाख का मशरूका बरामद
मुरैना। मुरैना पुलिस ने चंबल अंचल में पिछले दो वर्षों से लूट, स्नैचिंग और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक खतरनाक अंतर्राज्यीय गिरोह को दबोचने में सफलता पाई है। जौरा पुलिस की टीम ने गिरोह के 03 शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 25 लाख रुपये कीमती सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, 02 देशी कट्टे, कारतूस और दो मोटरसाइकिलें (कुल संपत्ति कीमती ₹26 लाख से अधिक) बरामद की हैं।
सड़क पर मां-बेटे से लूट के बाद शुरू हुई घेराबंदी 30 जुलाई 2026 को ग्राम सिंघौरा (थाना जौरा) निवासी एवरन सिंह गुर्जर अपनी मां के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। ग्राम झौंड के पास बिना नंबर की बाइक सवार तीन बदमाशों ने कट्टे की नोक पर उनकी मां के गले से सोने का मंगलसूत्र, चैन, अंगूठियां और नकदी लूट ली। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मुरैना श्री धर्मराज मीना ने खुद मौके का निरीक्षण कर एसडीओपी जौरा श्री नितिन कुमार बघेल के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया।
सीसीटीवी, सायबर सेल और मुखबिर से बिछाया जाल थाना प्रभारी जौरा उनि पंकज यादव और सायबर सेल प्रभारी उनि अभिषेक जादौन की टीमों ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और अंतर्राज्यीय स्तर पर दबिश दी। 20 अगस्त 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर जौरा पुलिस ने पगारा रोड से 02 संदेहियों को पकड़ा, जिन्होंने पूछताछ में अपने तीसरे साथी के साथ मिलकर दर्जनों वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। तीसरे आरोपी को ग्राम खेरामेवदा (थाना माताबसैया) से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण व आपराधिक रिकॉर्ड:
-
बृजेश उर्फ बिजेंद्र गुर्जर (उम्र 30 वर्ष), निवासी- हेतमपुर, सरायछौला (मुरैना): यह गिरोह का मुख्य सरगना है, जिसके खिलाफ ग्वालियर, शिवपुरी, झांसी, आगरा (उ.प्र.) और मुरैना के विभिन्न थानों में डकैती, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के 21 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं।
-
भूरा चौहान (उम्र 27 वर्ष), निवासी- खेरामेवदा, माताबसैया (मुरैना): इसके खिलाफ जौरा थाने में लूट के 5 मामले दर्ज हैं।
-
सचिन गुर्जर (उम्र 19 वर्ष), निवासी- बंधा, सरायछौला (मुरैना): इसके खिलाफ भी लूट व स्नैचिंग के 5 मामले दर्ज हैं।
बरामदगी और सुलझे हुए मामले पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर थाना जौरा के 5, दिमनी के 2, रिठौरा, पहाड़गढ़ और देवगढ़ के 1-1 (कुल 10 मामले) सुलझाते हुए भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, एक टीवीएस राइडर बाइक, एक प्लेटिना बाइक, 315 बोर के 02 देशी कट्टे और 10 जिंदा कारतूस जब्त किए हैं।
इसके अलावा आरोपियों ने भिंड (एंडोरी, गोहद), धौलपुर (राजस्थान) और ग्वालियर में भी लूट की 06 अन्य वारदातें स्वीकार की हैं, जिनके संबंध में पूछताछ जारी है।
सराहनीय भूमिका इस बड़ी कार्रवाई में निरीक्षक दीपेंद्र सिंह यादव, उनि पंकज यादव, उनि नरेंद्र कुशवाह, उनि अभिषेक जादौन, उनि जयपाल गुर्जर, प्रधान आरक्षक प्रवेन्द्र तोमर (विशेष भूमिका), बृजेंद्र पाराशर तथा सायबर सेल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




